Apple ने अभी तक iPhone 18 Pro Max को लेकर आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन लॉन्च से पहले सामने आ रही रिपोर्ट्स और इंडस्ट्री लीक्स ने इसकी तस्वीर काफी हद तक साफ कर दी है. माना जा रहा है कि यह iPhone पिछले कई सालों में कंपनी का सबसे बड़ा हार्डवेयर अपग्रेड लेकर आ सकता है. नए 2nm प्रॉसेसर, बेहतर कैमरा सिस्टम, ज्यादा बैटरी, छोटे Dynamic Island और नए डिस्प्ले डिजाइन जैसे कई बदलाव देखने को मिल सकते हैं. अगर ये दावे सही साबित होते हैं, तो iPhone 18 Pro Max केवल परफॉर्मेंस ही नहीं बल्कि कैमरा और बैटरी के मामले में भी बड़ा बदलाव लेकर आ सकता है.
सितंबर में हो सकता है लॉन्च, बेस मॉडल बाद में आने की चर्चा
रिपोर्ट्स के मुताबिक Apple अपनी पारंपरिक सितंबर लॉन्च इवेंट में iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max पेश कर सकती है. वहीं कुछ लीक्स में दावा किया गया है कि कंपनी इस बार Pro मॉडल और स्टैंडर्ड iPhone 18 सीरीज को अलग-अलग समय पर लॉन्च कर सकती है. ऐसे में Pro मॉडल पहले और बेस मॉडल 2027 की शुरुआत में पेश किए जा सकते हैं. हालांकि Apple ने अभी तक इस योजना की पुष्टि नहीं की है.
डिस्प्ले में मिलेगा बड़ा बदलाव, Dynamic Island हो सकता है छोटा
डिजाइन की बात करें तो iPhone 18 Pro Max में Apple का फ्लैट-एज डिजाइन बरकरार रहने की उम्मीद है, लेकिन सामने की तरफ कुछ बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं. रिपोर्ट्स के अनुसार कंपनी Face ID के कुछ सेंसर डिस्प्ले के नीचे शिफ्ट कर सकती है.
अगर ऐसा होता है तो Dynamic Island पहले की तुलना में छोटा हो जाएगा और यूजर्स को ज्यादा स्क्रीन स्पेस मिलेगा. इसके अलावा ProMotion सपोर्ट वाला हाई रिफ्रेश रेट ओएलईडी डिस्प्ले पहले से ज्यादा ब्राइट, मजबूत और पावर एफिशिएंट हो सकता है.
नया A20 Pro चिप देगा तेज स्पीड और बेहतर बैटरी
iPhone 18 Pro Max में Apple का अगली पीढ़ी का A20 Pro चिप मिलने की उम्मीद है. बताया जा रहा है कि यह TSMC की 2nm प्रॉसेस टेक्नोलॉजी पर तैयार होगा. मौजूदा 3nm चिप की तुलना में नया प्रोसेसर ज्यादा तेज परफॉर्मेंस देने के साथ कम बिजली खर्च करेगा.
रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि Apple इस बार Wafer-Level Multi-Chip Module (WMCM) पैकेजिंग टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल कर सकती है. इससे प्रॉसेसर और रैम के बीच बेहतर तालमेल मिलेगा, जिससे ऐप्स तेजी से खुलेंगे और मल्टीटास्किंग पहले से ज्यादा स्मूद हो सकती है.
कैमरा और बैटरी में भी मिल सकते हैं बड़े अपग्रेड
कैमरा विभाग में सबसे बड़ा बदलाव वेरिएबल अपर्चर तकनीक हो सकती है. अभी तक iPhone में फिक्स्ड अपर्चर कैमरा मिलता है, लेकिन नए सिस्टम के साथ कैमरा रोशनी के हिसाब से खुद अपर्चर बदल सकेगा. इससे कम रोशनी में बेहतर फोटो, ज्यादा नैचुरल बैकग्राउंड ब्लर और बेहतर इमेज क्वाॅलिटी मिलने की उम्मीद है.
इसके अलावा Sony के नये कैमरा सेंसर मिलने की भी चर्चा है. वहीं बैटरी को लेकर कहा जा रहा है कि Apple फोन को थोड़ा मोटा बना सकती है ताकि बड़ी बैटरी फिट की जा सके. ज्यादा क्षमता वाली बैटरी, नया 2nm प्रॉसेसर और बेहतर डिस्प्ले मिलकर बैटरी बैकअप को पहले से बेहतर बना सकते हैं.
नए रंग और संभावित कीमत भी आई सामने
लीक्स के अनुसार iPhone 18 Pro Max ब्लैक, सिल्वर, लाइट ब्लू और नए Dark Cherry रंग में लॉन्च हो सकता है. कीमत की बात करें तो iPhone 18 Pro की शुरुआती कीमत लगभग 1,299 डॉलर और iPhone 18 Pro Max की कीमत करीब 1,399 डॉलर हो सकती है.
हालांकि यह ध्यान रखना जरूरी है कि Apple ने इन फीचर्स, कीमत या लॉन्च प्लान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. अंतिम जानकारी सितंबर में होने वाले लॉन्च इवेंट के दौरान ही सामने आएगी.
ये भी पढ़ें: अगस्त में आ रहे हैं 5 नये स्मार्टफोन, लॉन्च का इंतजार करना हो सकता है फायदेमंद
