क्या आपके साथ भी कभी ऐसा हुआ है कि आप अपना फोन ढूंढते-ढूंढते परेशान हो गए हों, और फिर याद आया हो कि फोन तो Silent या Vibrate मोड पर है? ऐसे में फोन ढूंढना किसी खजाने की तलाश से कम नहीं लगता. अच्छी बात यह है कि चाहे आपके पास Android फोन हो या iPhone, दोनों में ऐसी खास सुविधा मिलती है, जिसकी मदद से आप अपने फोन को Silent मोड में भी आसानी से खोज सकते हैं. आइए आपको बताते हैं कैसे.
Silent Mode में खोया Android फोन कैसे ढूंढें?
अगर आपका Android फोन Silent मोड पर कहीं खो गया है, तो उसे ढूंढना काफी आसान है. इसके लिए आपके फोन में Google का Find My Device फीचर ऑन होना चाहिए. अच्छी बात यह है कि अगर आपका फोन आपके Google अकाउंट से लॉग इन है, तो यह फीचर आमतौर पर पहले से ही चालू रहता है.
फोन ढूंढने के लिए ये स्टेप्स फॉलो करें:
- अपने दूसरे फोन, लैपटॉप या कंप्यूटर में Chrome जैसे किसी भी ब्राउजर को खोलें और android.com/find पर जाएं.
- अब अपने उसी Google अकाउंट से लॉग इन करें, जो आपके खोए हुए फोन में इस्तेमाल हो रहा है. इसके बाद आपके सभी डिवाइस स्क्रीन पर दिखाई देंगे.
- लिस्ट में से अपने खोए हुए Android फोन को चुनें.
- अब ‘Play Sound’ ऑप्शन पर क्लिक करें. आपका फोन Silent मोड में होने के बावजूद तेज आवाज में बजने लगेगा.
Silent Mode में खोया iPhone कैसे ढूंढें?
अगर आप अपना iPhone कहीं रखकर भूल गए हैं और वह Silent Mode पर है, तब भी घबराने की बिल्कुल जरूरत नहीं है. Apple ने इसके लिए बेहद काम का फीचर दिया है, जिसकी मदद से आप अपने iPhone, iPad या Mac को आसानी से ढूंढ सकते हैं. खास बात यह है कि इसके लिए आपके पास दूसरा Apple डिवाइस होना जरूरी नहीं है. अगर दूसरा Apple डिवाइस नहीं है, तो किसी भी वेब ब्राउजर से भी अपने iPhone की लोकेशन ट्रैक की जा सकती है.
हालांकि, इस सुविधा का फायदा उठाने के लिए आपके iPhone में पहले से Find My फीचर चालू होना चाहिए. इसे ऑन करने के लिए Settings में जाएं, अपने नाम पर टैप करें, फिर Find My ऑप्शन चुनें. यहां Find My iPhone, Find My Network और Send Last Location तीनों सेटिंग्स को जरूर इनेबल करें. इससे आपका iPhone खो जाने पर उसे ढूंढना काफी आसान हो जाता है.
फोन ढूंढने के लिए ये स्टेप्स फॉलो करें:
- अपने iPhone या किसी दूसरे Apple डिवाइस में Find My ऐप खोलें.
- अगर आपके पास दूसरा Apple डिवाइस नहीं है, तो आप iCloud.com पर जाकर Find My iPhone का ऑप्शन चुन सकते हैं.
- अब स्क्रीन पर दिख रहे ‘Devices’ ऑप्शन पर टैप करें.
- यहां आपको आपके सभी Apple डिवाइस की लिस्ट दिखाई देगी. जिस iPhone को ढूंढना है, उस पर टैप करें.
- इसके बाद ‘Play Sound’ पर टैप करें. आपका iPhone Silent या Vibrate मोड में होने पर भी तेज आवाज करने लगेगा.
यह भी पढ़ें: एयरपोर्ट या मॉल की पार्किंग में खो जाती है आपकी कार? Google Maps का ये फीचर देगा सटीक लोकेशन
