अब ट्रेन टिकट बुक करना पहले से कहीं ज्यादा आसान और तेज होने वाला है. भारतीय रेलवे ने बुधवार को IRCTC की नई टिकट बुकिंग वेबसाइट का बीटा वर्जन लॉन्च कर दिया है. नए पोर्टल में पहले के मुकाबले ज्यादा साफ-सुथरा इंटरफेस, आसान नेविगेशन और कई नए फीचर्स दिए गए हैं. अगर आप इसे अभी आजमाना चाहते हैं, तो मौजूदा IRCTC वेबसाइट के होमपेज पर दिए गए Beta लिंक के जरिए नए पोर्टल को एक्सेस कर सकते हैं. रेलवे ने लोगों से कहा है कि वे नई वेबसाइट यूज करने के बाद बताएं कि उन्हें यह कैसी लगी. अगर कहीं कोई दिक्कत है या कुछ सुधार की जरूरत है, तो उसका फीडबैक दें. इससे पूरे देश में इसे लॉन्च करने से पहले वेबसाइट को और बेहतर बनाया जा सके.
नई IRCTC वेबसाइट की शुरुआत कैसे हुई?
IRCTC की नई वेबसाइट रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के एक वादे का नतीजा है. पिछले महीने जयपुर दौरे के दौरान रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने 11 जून को मालवीय नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (MNIT) के छात्रों से बातचीत की थी. इसी दौरान एक छात्रा ने उनसे कहा कि टिकट बुकिंग के समय IRCTC की वेबसाइट कई बार बहुत स्लो हो जाती है या फिर हैंग करने लगती है. इसकी वजह से यात्रियों को टिकट बुक कराने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है.
इस छात्रा का नाम लविशा मीणा है, जो मालवीय नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (MNIT), जयपुर के ह्यूमैनिटीज एंड सोशल साइंस विभाग में PhD की पढ़ाई कर रही हैं. छात्रा ने यह भी कहा कि वेबसाइट के कैप्चा भरने में परेशानी आती है.
छात्रा की शिकायत सामने आते ही रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने तुरंत अधिकारियों को नई वेबसाइट तैयार करने का निर्देश दिया. उन्होनें 15 जुलाई तक इसे लॉन्च करने का टारगेट तय किया. इसके बाद वेबसाइट को ज्यादा आसान और बेहतर बनाने के लिए मालवीय नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (MNIT) के छात्रों को भी इस प्रोजेक्ट से जोड़ा गया.
IRCTC की नई वेबसाइट की खासियतें
- वेबसाइट होगी ज्यादा साफ और आसान: नई वेबसाइट से बेवजह आने वाले कैप्चा, पॉप-अप और चमकती-फ्लैश होती चीजों को हटा दिया गया है. इससे टिकट बुक करते समय किसी तरह की परेशानी नहीं होगी.
- एक ही स्क्रीन पर सभी सीटों की जानकारी: अब अलग-अलग क्लास में सीट देखने की जरूरत नहीं पड़ेगी. एक ही स्क्रीन पर सभी क्लास में सीट उपलब्ध है या नहीं, इसकी जानकारी आपको मिल जाएगी.
- टिकट बुक करने में लगेगा कम समय: टिकट बुकिंग के पूरे प्रोसेस को छोटा कर दिया गया है. अब पहले के मुकाबले कम स्टेप्स में टिकट बुक हो जाएगी.
- बार-बार जानकारी भरने की झंझट खत्म: एक बार पैसेंजर्स की डिटेल्स सेव हो जाने के बाद अगली बार टिकट बुक करते समय वही डिटेल्स दोबारा नहीं भरनी पड़ेगी. इससे टिकट बुकिंग और भी तेज और आसान हो जाएगी.
ये भी पढ़ें: EPFO Interest Credit: आपके PF खाते में ब्याज आया या नहीं, 2 मिनट में ऐसे करें चेक
