AC Sleep Mode: गर्मियों के मौसम में ज्यादातर घरों में एसी एक जरूरी चीज बन चुका है. जब बाहर तपती गर्मी हो, तो ठंडा कमरा सच में सुकून देता है और रात की नींद को भी आरामदायक बना देता है. इसी वजह से कई लोग बिना ज्यादा सोचे-समझे पूरी रात AC चलाकर ही सो जाते हैं.
लेकिन सच कहें तो अगर आप AC को लगातार कई घंटों तक चलाते रहते हैं, तो ये हमेशा सही फैसला नहीं होता. इससे बिजली का बिल बढ़ सकता है और कई बार रात में कमरे का टेम्परेचर इतना ज्यादा ठंडा हो जाता है कि नींद भी खराब होने लगती है. इसी समस्या का आसान और स्मार्ट हल है एसी का स्लीप मोड (Sleep Mode) फीचर. आइए इसके बारे में जानते हैं.
AC में Sleep Mode क्या है?
एसी में जो Sleep Mode होता है, उसे आप ऐसे समझें जैसे ये रात में आपके आराम का ऑटो पायलट है. जब आप इसे ऑन करते हो, तो एसी खुद ही आपके सोने के हिसाब से अपने काम करने का तरीका बदल देता है. कुछ एसी में तो ये सिर्फ एक टाइमर जैसा काम करता है. मतलब आपने जितने घंटे सेट किए, उसके बाद खुद बंद हो जाएगा.
लेकिन ज्यादा मॉडर्न एसी में Sleep Mode थोड़ा स्मार्ट होता है. ये धीरे-धीरे कमरे की कूलिंग को कम करता रहता है. यानी टेम्परेचर को हल्का-हल्का बढ़ाता है ताकि रात में आपको ठंड ज्यादा न लगे और नींद आरामदायक बनी रहे.
इसके साथ ही, कई एसी स्लीप मोड में फैन स्पीड भी कम कर देते हैं, जिससे आवाज बहुत कम हो जाती है. कुछ मॉडल्स में तो आप Sleep Mode को टाइमर के साथ भी जोड़ सकते हैं, ताकि एसी कुछ देर बाद अपने आप बंद भी हो जाए.
AC में Sleep Mode कूलिंग और बिजली की खपत में क्या फर्क डालता है?
अगर आप AC चलाकर सोते हैं, तो Sleep Mode आपके लिए काफी काम की चीज है. इसमें AC पूरे समय एक जैसी तेज ठंडक नहीं देता, बल्कि धीरे-धीरे कमरे का टेम्परेचर थोड़ा बढ़ाता जाता है. इसका फायदा ये होता है कि रात में कमरा जरूरत से ज्यादा ठंडा नहीं हो जाता और आपको नींद भी ज्यादा आरामदायक मिलती है.
साथ ही, Sleep Mode बिजली की खपत भी कम कर देता है. क्योंकि इसमें AC पर लोड कम हो जाता है और फैन स्पीड भी धीरे-धीरे कम हो जाती है. इससे बिजली बिल में थोड़ी बचत हो सकती है.
यह भी पढ़ें: कई लोग AC रिमोट के इस बटन को करते हैं नजरअंदाज, जबकि यही बचाता है बिजली बिल
