अब जेब में नहीं, मोबाइल में रखें आधार, जानिए गूगल वॉलेट में ऐड करने का तरीका

गूगल वॉलेट में आधार जोड़ने का नया फीचर भारत में शुरू हो गया है. अब यूजर्स बिना कार्ड के सुरक्षित और आसान तरीके से अपनी पहचान वेरिफाई कर सकेंगे, वह भी सेलेक्टिव डेटा शेयरिंग के साथ.

डिजिटल इंडिया की रफ्तार अब एक और बड़े अपडेट के साथ आगे बढ़ गई है. Google ने भारत में ऐसा फीचर लॉन्च किया है, जिससे यूजर्स अपना Aadhaar सीधे Google Wallet में सेव कर सकते हैं. अब न कार्ड ढूंढने की जरूरत होगी और न ही अलग-अलग वेबसाइट पर लॉगिन करने की. यह नया सिस्टम तेज, सुरक्षित और बेहद आसान पहचान सत्यापन (आइडेंटिटी वेरीफिकेशन) का रास्ता खोलता है.

क्या बदला है और क्यों है यह बड़ा अपडेट?

इस नई सुविधा के तहत Aadhaar को डिजिटल क्रेडेंशियल के रूप में Wallet में सेव किया जा सकता है. यह डेटा यूजर के फोन में एन्क्रिप्टेड रूप में रहता है, न कि Google अकाउंट पर.

सबसे खास बात है सेलेक्टिव डिस्क्लोजर फीचर. इसका मतलब है कि जब आप अपनी पहचान दिखाते हैं, तो सामने वाले को सिर्फ वही जानकारी दिखेगी जो जरूरी है. जैसे अगर कहीं सिर्फ उम्र चेक करनी है, तो पूरा Aadhaar डेटा शेयर नहीं होगा.

यह अपडेट UIDAI के साथ साझेदारी में लाया गया है, जिससे इसकी विश्वसनीयता और भी मजबूत हो जाती है.

किन-किन जगहों पर मिलेगा फायदा?

यह फीचर सिर्फ दिखावे के लिए नहीं है, बल्कि रोजमर्रा की जिंदगी को आसान बनाने के लिए डिजाइन किया गया है.

शुरुआती पार्टनर्स में PVR INOX शामिल है, जहां टिकट वेरिफिकेशन आसान होगा. वहीं Bharat Matrimony पर प्रोफाइल ट्रस्ट बढ़ेगा और Atlys के जरिए इंटरनेशनल वीजा प्रोसेस भी तेज हो सकता है.

आने वाले समय में Mygate और Snabbit जैसे प्लैटफॉर्म भी इससे जुड़ेंगे, जिससे सोसाइटी एंट्री और लोकल सर्विस वेरिफिकेशन भी डिजिटल हो जाएगा.

Aadhaar को Google Wallet में कैसे जोड़ें?

इस सुविधा का उपयोग करने के लिए आपके पास Android 9 या उससे ऊपर का फोन होना चाहिए, साथ ही स्क्रीन लॉक ऑन होना जरूरी है.

प्रक्रिया बेहद आसान है. आप Aadhaar app खोलकर लॉगिन करें, पहचान सत्यापित करें और Add to Wallet विकल्प चुनें. इसके बाद Google Wallet से लिंक हो जाएगा.

दूसरा तरीका यह है कि आप सीधे Google Wallet खोलें, + पर टैप करें और Aadhaar चुनें. इसके बाद आपको Aadhaar ऐप पर रीडायरेक्ट किया जाएगा.

अगर “Reviewing your request” मैसेज आए, तो थोड़ा इंतजार करना होगा. सिस्टम आपकी डिटेल्स वेरिफाई कर रहा होता है.

ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों में होगा इस्तेमाल

एक बार Aadhaar Wallet में जुड़ जाने के बाद आप इसे NFC या QR कोड के जरिए ऑफलाइन दिखा सकते हैं. वहीं ऑनलाइन सेवाओं के लिए भी इसका इस्तेमाल किया जा सकता है.

यानी अब पहचान सत्यापन के लिए न कागज की जरूरत है, न ही लंबी प्रक्रिया की.

भारत के साथ दुनिया में भी बढ़ रहा विस्तार

भारत में इस लॉन्च के साथ ही Google अन्य देशों में भी डिजिटल आईडी फीचर बढ़ा रहा है. सिंगापुर, ताइवान और ब्राजील में पासपोर्ट आधारित डिजिटल आईडी रोलआउट किया जा रहा है.

यह संकेत है कि आने वाले समय में फिजिकल डॉक्यूमेंट्स की जगह डिजिटल पहचान पूरी तरह ले सकती है.

यह भी पढ़ें: बिना सेंटर गये घर बैठे बदलें Aadhaar में फोन नंबर और एड्रेस, आसान है तरीका

यह भी पढ़ें: बच्चे का Baal Aadhaar बनवाना है? जानिए स्टेप-बाय-स्टेप ऑनलाइन प्रॉसेस

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Rajeev Kumar

राजीव, 14 वर्षों से मल्टीमीडिया जर्नलिज्म में एक्टिव हैं. टेक्नोलॉजी में खास इंटरेस्ट है. इन्होंने एआई, एमएल, आईओटी, टेलीकॉम, गैजेट्स, सहित तकनीक की बदलती दुनिया को नजदीक से देखा, समझा और यूजर्स के लिए उसे आसान भाषा में पेश किया है. वर्तमान में ये टेक-मैटर्स पर रिपोर्ट, रिव्यू, एनालिसिस और एक्सप्लेनर लिखते हैं. ये किसी भी विषय की गहराई में जाकर उसकी परतें उधेड़ने का हुनर रखते हैं. इनकी कलम का संतुलन, कंटेंट को एसईओ फ्रेंडली बनाता और पाठकों के दिलों में उतारता है. जुड़िए rajeev.kumar@prabhatkhabar.in पर

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >