Elon Musk की कंपनी X (पहले Twitter) ने iOS यूजर्स के लिए एक नया स्टैंडअलोन मैसेजिंग ऐप लॉन्च किया है. इसका नाम XChat है. इस ऐप के जरिए यूजर्स अपने मौजूदा X कॉन्टैक्ट्स के साथ आसानी से चैट कर सकते हैं, कॉलिंग कर सकते हैं और फाइल्स भी शेयर कर सकते हैं. दिलचस्प बात ये है कि Musk का जो पहले ‘सब कुछ एक ही ऐप में’ (everything app) वाला आइडिया था, अब वो थोड़ा अलग दिशा में जाता दिख रहा है. ऐसा इसलिए क्योंकि अब X को अलग-अलग सर्विसेज में बांटा जा रहा है.
XChat में कौन-कौन से फीचर्स मिलते हैं?
XChat नाम का यह नया ऐप काफी दिलचस्प फीचर्स के साथ लॉन्च किया गया है. इसमें आप ऑडियो और वीडियो कॉल कर सकते हैं, मैसेज भेज सकते हैं, ग्रुप चैट चला सकते हैं और फाइल्स भी आसानी से शेयर कर सकते हैं.
सबसे खास बात इसके प्राइवेसी फीचर्स हैं. इसमें डिसअपीयरिंग मैसेजेस (disappearing messages) का ऑप्शन मिलता है. यानी तय समय बाद मैसेज खुद-ब-खुद गायब हो जाते हैं. साथ ही आप मैसेज को सभी के लिए एडिट या डिलीट भी कर सकते हैं. एक और सिक्योरिटी फीचर यह है कि स्क्रीनशॉट लेना भी ब्लॉक किया जा सकता है.
कंपनी का दावा है कि इस ऐप में न तो कोई ट्रैकिंग होती है और न ही ऐड्स दिखाए जाते हैं. इसके अलावा, यह एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन के साथ आता है और सिक्योरिटी के लिए PIN लॉक का भी ऑप्शन देता है.
कौन कर सकते हैं यूज?
XChat अभी फिलहाल सिर्फ iOS यूजर्स के लिए उपलब्ध है. यानी iPhone और iPad इस्तेमाल करने वाले लोग ही इसे इस्तेमाल कर सकते हैं. X के लीड डिजाइनर Benji Taylor ने इशारा किया है कि आने वाले समय में इसके और भी अपडेट्स और नए वर्जन लॉन्च होने की उम्मीद है.
कैसे करें XChat यूज?
अगर आप iPhone यूजर हैं तो XChat इस्तेमाल करना काफी आसान है. आपको बस App Store से XChat डाउनलोड करना है और अपने पुराने X अकाउंट से लॉगिन कर लेना है. लॉगिन करते ही आपके पुराने कॉन्टैक्ट्स और चैट्स अपने आप दिखने लगते हैं. यानी आपको दोबारा सब कुछ सेट करने की झंझट नहीं होती. आप तुरंत नए मैसेज भेजना शुरू कर सकते हैं. इसके अलावा आप चाहें तो ग्रुप चैट बना सकते हैं या कॉल भी कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें: टिम कुक ने Apple Maps को बताया अपने करियर की सबसे बड़ी गलती, जानिए क्यों
