iPhone 18 Pro Max Launch Timeline: टेक दिग्गज ऐपल (Apple) के शौकीनों के लिए एक बड़ी खबर सामने आ रही है. टेक गलियारों में इस साल की सबसे बहुप्रतीक्षित स्मार्टफोन सीरीज, यानी 'आईफोन 18 प्रो' (iPhone 18 Pro) और 'आईफोन 18 प्रो मैक्स' (iPhone 18 Pro Max) की लॉन्च टाइमलाइन को लेकर चर्चा बेहद गर्म हो गई है. फोर्ब्स की रिपोर्ट के अनुसार, इस बार केवल प्रो मॉडल्स ही नहीं, बल्कि ऐपल के पहले फोल्डेबल फोन 'आईफोन अल्ट्रा' (iPhone Ultra) को लेकर भी कयास लगाए जा रहे हैं, जो इनबिल्ट ऐपल इंटेलिजेंस (Apple Intelligence) फीचर्स से लैस होंगे. इंडस्ट्री के दिग्गजों और विश्लेषकों के बीच लॉन्च इवेंट की सटीक तारीख को लेकर एक दिलचस्प बहस छिड़ गई है, जिससे आईफोन प्रेमियों का उत्साह दोगुना हो गया है.
लॉन्च इवेंट की तारीख पर आमने-सामने आए दिग्गज एक्सपर्ट्स
ब्लूमबर्ग के मशहूर टेक जर्नलिस्ट मार्क गुरमैन (Mark Gurman) का अनुमान है कि ऐपल अपना मेगा इवेंट मंगलवार, 8 सितंबर को आयोजित कर सकता है. उनका तर्क है कि ऐपल हमेशा लेबर डे (Labor Day) के तुरंत बाद वाले मंगलवार या बुधवार को अपनी नई सीरीज पेश करता है ताकि चौथी तिमाही के रेवेन्यू को बूस्ट किया जा सके. दूसरी तरफ, कुछ अन्य ऑटोमोबाइल और टेक एक्सपर्ट्स का मानना है कि चूंकि इस साल 7 सितंबर (सोमवार) को अमेरिका में लेबर डे की सार्वजनिक छुट्टी है, इसलिए दुनिया भर से आने वाले मीडिया कर्मियों और कर्मचारियों की यात्रा को ध्यान में रखते हुए ऐपल 8 सितंबर के बजाय बुधवार, 9 सितंबर को कीनोट इवेंट रख सकता है.
प्री-ऑर्डर से लेकर सेल तक, ऐसा रहेगा पूरा शेड्यूल
भले ही कीनोट की सटीक तारीख (8 या 9 सितंबर) को लेकर थोड़ा अंतर हो, लेकिन इसके बाद का पूरा शेड्यूल ऐपल के पुराने इतिहास की तरह बिल्कुल तय माना जा रहा है. एक्सपर्ट्स के अनुसार, नए आईफोन्स के प्री-ऑर्डर शुक्रवार, 11 सितंबर से शुरू हो जाएंगे. इसके बाद सोमवार, 14 सितंबर को ग्लोबल मार्केट के लिए ऐपल का नया ऑपरेटिंग सिस्टम iOS 27 आधिकारिक तौर पर रिलीज किया जा सकता है. मीडिया और टेक रिव्यूअर्स के लिए गैजेट्स के रिव्यूज 15 या 16 सितंबर को लाइव होंगे और आखिरकार शुक्रवार, 18 सितंबर से ये प्रीमियम डिवाइसेज स्टोर्स और आम ग्राहकों के लिए बिक्री के लिए उपलब्ध करा दिए जाएंगे.
पहले फोल्डेबल 'iPhone Ultra' के लिए करना पड़ सकता है इंतजार
इस बार की लॉन्चिंग इसलिए भी बेहद खास है क्योंकि टेक जगत ऐपल के पहले फोल्डेबल स्मार्टफोन 'आईफोन अल्ट्रा' का बेसब्री से दीदार करना चाहता है. हालांकि, रिपोर्ट्स के मुताबिक, भले ही इस क्रांतिकारी फोल्डेबल फोन की घोषणा आईफोन 18 प्रो सीरीज के साथ उसी मुख्य इवेंट में कर दी जाए, लेकिन इसकी बाजार में उपलब्धता (On-sale Date) में कुछ हफ्तों या महीनों की देरी हो सकती है. इतिहास गवाह है कि जब ऐपल ने आईफोन X के रूप में ओलेड स्क्रीन और फेस आईडी जैसी तकनीक पेश की थी, तब घोषणा के बावजूद वह फोन नवंबर में बिक्री के लिए आया था. फोल्डेबल स्क्रीन के तकनीकी चैलेंज को देखते हुए आईफोन अल्ट्रा के लिए भी ग्राहकों को थोड़ा लंबा इंतजार करना पड़ सकता है.
ऐपल प्रेमियों के लिए खास शॉपिंग बैग फीचर की उम्मीद
प्री-ऑर्डर के दौरान मची अफरा-तफरी और शुरुआती स्टॉक खत्म होने की समस्या से निपटने के लिए ऐपल इस बार भी एक खास सहूलियत दे सकता है. कयास हैं कि ग्राहकों को प्री-ऑर्डर शुरू होने की पूर्व संध्या, यानी गुरुवार, 10 सितंबर की रात से ही अपनी पसंद का मॉडल, रंग और स्टोरेज साइज चुनकर सीधे शॉपिंग बैग में सेव करने का विकल्प मिल जाएगा. इसके बाद जैसे ही अगले दिन आधिकारिक प्री-ऑर्डर की विंडो खुलेगी, खरीदार बिना समय गंवाए महज एक क्लिक में पेमेंट करके अपनी पसंदीदा डिवाइस बुक कर सकेंगे.
ये भी पढ़ें: Flipkart GOAT Sale में ₹20,000 तक सस्ता हुआ iPhone 17 Pro Max, बैंक ऑफर्स ने बना दी सुपर डील
ये भी पढ़ें: iPhone 15 vs iPhone 16: 2026 में कौन-सा आईफोन खरीदना रहेगा फायदे का सौदा?
