डीप क्लीनिंग के बाद भी AC नहीं कर रहा कूलिंग? वजह हो सकता है अंदर का ये जरूरी पार्ट

अगर AC सर्विस और डीप क्लीनिंग के बाद भी ठंडक नहीं दे रहा, तो वजह अंदर का कूलिंग सिस्टम हो सकता है. कॉइल में गंदगी, जंग या लीकेज होने पर पूरी कूलिंग पर असर पड़ता है. ऐसे में गैस लीक, कमजोर एयरफ्लो और बढ़ा बिजली बिल जैसी समस्याएं भी सामने आ सकती हैं.

अगर आपका AC डीप क्लीनिंग और सर्विस के बाद भी सही से कूलिंग नहीं कर रहा है, तो समझ लीजिए मामला थोड़ा सीरियस है. ऐसी स्थिति में कूलिंग कॉइल (चाहे वो इवैपोरेटर हो या कंडेंसर) में दिक्कत होने की पुरे चांस रहती है. यही AC का सबसे अहम हिस्सा होता है और अगर इसमें खराबी आ जाए, तो गैस लीक होने का खतरा बढ़ जाता है.

अगर समय रहते इसे ठीक नहीं कराया, तो बार-बार गैस भरवाने का खर्च भी उठाना पड़ सकता है. साथ ही, अंदर जमी गंदगी, गैस लीकेज और कॉइल डैमेज मिलकर पूरे कूलिंग सिस्टम को कमजोर कर देते हैं.

कूलिंग कॉइल में दिक्कत होने पर कूलिंग क्यों बंद हो जाती है?

AC की कूलिंग अचानक कम लगने लगे, तो इसकी वजह कूलिंग कॉइल हो सकती है. दरअसल, AC के अंदर गर्मी को बाहर निकालने का सारा काम यही कॉइल करती है. लेकिन जैसे ही इसमें गंदगी जम जाती है, जंग लगने लगती है या यह किसी तरह से डैमेज हो जाती है, तो AC ठीक से कूलिंग नहीं कर पता. कई बार सर्विसिंग के बाद भी फर्क नहीं दिखता.

कैसे पता करें कि कॉइल में जंग लग गई है?

  • AC हवा तो फेंकता है, लेकिन ठंडक नहीं देता.
  • इंडोर यूनिट पर बर्फ जमती हुई दिख सकती है.
  • यूनिट से पानी टपकने लगता है या अजीब सी बदबू आने लगती है.
  • बिना किसी खास वजह के बिजली का बिल अचानक बढ़ जाता है.
  • एयरफ्लो कमजोर हो जाता है या टर्बो मोड ठीक से काम नहीं करता.

कूलिंग कॉइल की समस्याओं से कैसे निपटें?

  • डीप क्लीनिंग (Deep Cleaning): अगर कॉइल में धूल या गंदगी जम गई है, तो प्रोफेशनल इसे अच्छे से साफ करके आपकी AC की कूलिंग फिर से ठीक कर सकता है.
  • गैस रिफिलिंग (Gas Refilling): अगर AC का रेफ्रिजरेंट गैस लीक हो रहा है, तो टेक्नीशियन पहले लीकेज ठीक करता है और फिर नई गैस भर देता है, जिससे कूलिंग वापस आ जाती है.
  • कॉइल रिपेयर (Coil Repair): अगर कॉइल में छोटा-मोटा लीकेज या डैमेज है, तो वेल्डिंग या सीलिंग से इसे ठीक किया जा सकता है.
  • कॉइल रिप्लेसमेंट (Coil Replacement): अगर कॉइल बहुत ज्यादा खराब हो चुकी है या जंग लगकर बेकार हो गई है, तो इसे बदलना ही पड़ेगा. इसकी लागत आपके AC के टाइप और ब्रांड पर डिपेंड करती है.

कूलिंग कॉइल्स को कैसे सही रखें?

  • गर्मी शुरू होने से पहले या AC इस्तेमाल करने से पहले उसकी सर्विस जरूर करवा लें.
  • फिल्टर्स को समय-समय पर साफ करते रहें. बेहतर रहेगा अगर हर महीने साफ करें.
  • AC को लगातार बहुत कम टेम्परेचर पर चलाने से बचें.
  • वोल्टेज के उतार-चढ़ाव से बचाने के लिए एक अच्छा स्टेबलाइजर जरूर लगवाएं.

यह भी पढ़ें: क्या है डुअल इनवर्टर एसी? जानें नार्मल इन्वर्टर एसी से ये कितना अलग है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ankit Anand

अंकित आनंद, प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर के तौर पर काम कर रहे हैं. वह पिछले डेढ़ साल से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में हैं. टेक जर्नलिस्ट के तौर पर अंकित स्मार्टफोन लॉन्च, टेलीकॉम अपडेट्स, टिप्स एंड ट्रिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) न्यूज, गैजेट्स रिव्यू और कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स से जुड़ी खबरें कवर करते हैं. इसके अलावा, वह ऑटोमोबाइल सेक्टर से जुड़ी अहम खबरों पर भी लिखते हैं. अंकित ने GGSIP यूनिवर्सिटी से जर्नलिज्म एंड मास कम्यूनिकेशन में ग्रेजुएशन की है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >