इस तपती दोपहरी से राहत पाने के लिए लोग घंटों AC चला रहे हैं. लेकिन राहत देने वाला यही एयर कंडीशनर महीने के आखिर में आने वाले भारी बिजली बिल की सबसे बड़ी वजह बन जाता है. कई लोग समझते हैं कि ज्यादा बिजली खपत की वजह सिर्फ पुराना AC या खराब मशीन होती है, जबकि असल समस्या अक्सर AC इस्तेमाल करने के तरीके में छिपी होती है. दरअसल, AC के रिमोट में मौजूद कुछ सेटिंग्स ऐसी होती हैं, जिन्हें लोग या तो नजरअंदाज कर देते हैं या फिर गलत तरीके से इस्तेमाल करते हैं. यही छोटी-छोटी गलतियां बिजली की खपत को काफी बढ़ा देती हैं. अच्छी बात यह है कि कुछ आसान बदलाव करके आप बिना आराम से समझौता किए बिजली बिल को काफी हद तक कम कर सकते हैं. आइए जानते हैं कैसे.
18°C पर AC चलाना बंद करें
ज्यादातर लोगों को लगता है कि AC को 18°C पर सेट करने से कमरा जल्दी ठंडा हो जाता है, लेकिन यह पूरी तरह सही नहीं है. असल में AC हर तापमान पर लगभग एक जैसी स्पीड से कूलिंग करता है. फर्क सिर्फ इतना होता है कि कम तापमान सेट करने पर कंप्रेसर ज्यादा देर तक लगातार चलता रहता है. जब बाहर का तापमान बहुत ज्यादा होता है, तब AC के लिए 18°C तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है और मशीन लगातार फुल लोड पर चलती रहती है. इससे बिजली की खपत तेजी से बढ़ती है. ऐसे में AC का तापमान 24°C के आसपास रखें. इससे कमरा आरामदायक भी रहेगा और बिजली की बचत भी होगी. एक्सपर्ट्स के अनुसार, तापमान में हर 1°C बढ़ाने पर बिजली की खपत कम हो सकती है.
बारिश के मौसम में इस्तेमाल करें Dry Mode
बारिश के मौसम में कई बार तापमान ज्यादा नहीं होता, लेकिन हवा में नमी बढ़ने से उमस महसूस होती है. ऐसे में लोग AC का तापमान कम कर देते हैं, जिससे बिजली की खपत बढ़ जाती है. ऐसे में रिमोट में दिया गया Dry Mode खासतौर पर हवा से नमी कम करने के लिए बनाया गया है. इस मोड में कंप्रेसर लगातार नहीं चलता, बल्कि जरूरत के हिसाब से ऑन-ऑफ होता रहता है. इससे कमरा आरामदायक महसूस होता है और बिजली भी कम खर्च होती है. इसलिए जब मौसम में ज्यादा नमी हो, तब AC को Dry Mode पर चलाएं. इससे उमस कम होगी और बिजली की बचत भी होगी.
Turbo Mode का जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल पड़ सकता है भारी
आजकल ज्यादातर AC में Turbo, Jet या Power Chill Mode मिलता है. लोग गर्म कमरे में आते ही तुरंत इस बटन को दबा देते हैं. Turbo Mode में AC का कंप्रेसर और फैन दोनों फुल स्पीड पर काम करते हैं, जिससे बिजली की खपत तेजी से बढ़ती है. अगर इसका बार-बार इस्तेमाल किया जाए तो बिजली बिल पर बड़ा असर पड़ सकता है. ऐसे में Turbo Mode को सिर्फ शुरुआत के 10-15 मिनट के लिए इस्तेमाल करें. उसके बाद वापस Normal Cool Mode पर आ जाएं.
Sleep Mode से मिलेगी बेहतर नींद और कम बिल
रात में सोते समय शरीर का तापमान धीरे-धीरे कम होता है. अगर पूरी रात AC एक ही तापमान पर चलता रहे तो जरूरत से ज्यादा कूलिंग होने लगती है. एसी के रिमोट में दिया Sleep Mode धीरे-धीरे तापमान बढ़ाता है, जिससे AC का कंप्रेसर कम चलता है और बिजली की खपत घटती है. साथ ही रात में ज्यादा ठंड लगने की परेशानी भी नहीं होती. ऐसे में सोने से पहले Sleep Mode ऑन करें. इससे आरामदायक नींद भी मिलेगी और बिजली बिल भी कम आएगा.
Fan Speed को हमेशा Auto पर न रखें
कई लोग Fan Speed को Auto Mode पर छोड़ देते हैं, लेकिन यह हमेशा सबसे बेहतर ऑप्शन नहीं होता. High Fan Speed पर ठंडी हवा पूरे कमरे में जल्दी फैलती है, जिससे कमरा जल्दी ठंडा होता है और कंप्रेसर जल्दी बंद हो जाता है. वहीं Auto Mode में कई बार फैन की स्पीड कम हो जाती है, जिससे कूलिंग में ज्यादा समय लग सकता है. ऐसे में Fan Speed को High पर सेट करें. इससे कूलिंग बेहतर होगी और बिजली की बचत में भी मदद मिल सकती है.
Timer Feature को न करें नजरअंदाज
AC का Timer फीचर सबसे कम इस्तेमाल होने वाली लेकिन सबसे काम की सेटिंग्स में से एक है. कई बार लोग रातभर AC चलाकर सो जाते हैं, जबकि देर रात उसकी जरूरत कम हो जाती है. इसलिए सोने के 2-3 घंटे बाद AC बंद होने का टाइमर सेट करें. इससे बिना आराम खराब किए बिजली की अच्छी बचत हो सकती है.
यह भी पढ़ें: 99% लोग नहीं जानते AC में Ton का मतलब, जान गए तो कभी नहीं खरीदेंगे गलत मॉडल
