नयी दिल्ली : भारत और चीन जैसे देशों में स्मार्टफोनों के उभरते बाजारों में सस्ते स्मार्टफोनों की बढती मांग से एशिया प्रशांत क्षेत्र में उपकरणों की बिक्री का आंकड़ा 3.2 प्रतिशत बढकर 1.19 अरब इकाई होने का अनुमान है.
अनुसंधान कंपनी गार्टनर ने इसका आंकडा पेश करते हुए कहा कि पर्सनल कंप्यूटर, टैबलेट्स व मोबाइल फोनों की बिक्री 2014 में 1.15 अरब इकाई रही थी. इसके 2015 में बढ़कर 1.19 अरब इकाई व 2017 तक 1.28 अरब इकाई पर पहुंच जाने का अनुमान है.
उपकरणों की बिक्री में बढ़ोतरी की मुख्य वजह मोबाइल फोन खंड में 4.1 प्रतिशत की वृद्धि है. सस्ते स्मार्टफोनों की मांग बढ़ रही है और लोग इनसे अपने पुराने हैंडसेट बदल रहे हैं.
बयान में कहा गया है कि 2015 में मोबाइल फोन बिक्री बढकर 1.02 अरब इकाई ओर 2017 तक 1.11 अरब इकाई पर पहुंच जाने का अनुमान है. 2014 में यह 98.77 करोड इकाई रही थी.
