मानसून में ऐसे बचाएं अपना स्मार्टफोन और लैपटॉप, नहीं होगा हजारों रुपये का नुकसान

मानसून में बारिश और नमी आपके स्मार्टफोन, लैपटॉप, ईयरबड्स और स्मार्टवॉच को नुकसान पहुंचा सकती है. ऐसे में IP रेटिंग, वाटरप्रूफ कवर, गीले चार्जिंग पोर्ट से बचाव और डिवाइस भीगने पर सही तरीके अपनाकर आप अपने महंगे गैजेट्स को सुरक्षित रख सकते हैं.

मानसून का मौसम जहां गर्मी से राहत देता है, वहीं स्मार्टफोन, लैपटॉप और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स के लिए बड़ी परेशानी भी बन सकता है. अचानक तेज बारिश, पानी से भरी सड़कें और ज्यादा नमी की वजह से डिवाइस खराब होने का खतरा काफी बढ़ जाता है. कई बार सिर्फ थोड़ी-सी लापरवाही आपके महंगे गैजेट को हमेशा के लिए खराब कर सकती है. अगर आप भी रोजाना फोन, लैपटॉप, स्मार्टवॉच या ईयरबड्स साथ लेकर बाहर निकलते हैं, तो यहां दिए गए आसान टिप्स आपके काफी काम आएंगे.

सबसे पहले अपने डिवाइस की IP रेटिंग जरूर जानें

आजकल कई स्मार्टफोन Water Resistant होने का दावा करते हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि आप उन्हें बारिश या गंदे पानी में बेझिझक इस्तेमाल कर सकते हैं. IP67 या IP68 जैसी रेटिंग सिर्फ तय गहराई तक साफ पानी में सुरक्षा देती है. बारिश का गंदा या कीचड़ वाला पानी आपके फोन को नुकसान पहुंचा सकता है. वहीं, ज्यादातर लैपटॉप, टैबलेट और ईयरबड्स में ऐसी सुरक्षा नहीं होती.

प्लास्टिक की थैली नहीं, वाटरप्रूफ कवर का इस्तेमाल करें

अगर बारिश में बाहर निकलना पड़ता है, तो स्मार्टफोन के लिए अच्छी क्वालिटी का वाटरप्रूफ पाउच और लैपटॉप बैग के लिए रेन कवर जरूर रखें. खासकर अगर आप बाइक या स्कूटर से सफर करते हैं, तो यह छोटा-सा खर्च आपके महंगे गैजेट को सुरक्षित रख सकता है.

गीले चार्जिंग पोर्ट में कभी चार्जर न लगाएं

बारिश में फोन का USB-C या लाइटनिंग पोर्ट गीला हो सकता है. ऐसे में तुरंत चार्जिंग करने से शॉर्ट सर्किट या पोर्ट खराब होने का खतरा रहता है. चार्ज करने से पहले पोर्ट को पूरी तरह सूखने दें.

लैपटॉप को हमेशा प्रोटेक्टिव स्लीव में रखें

लैपटॉप पर पानी का असर सबसे ज्यादा पड़ता है. इसलिए उसे सीधे बैग में रखने की बजाय वाटर-रेसिस्टेंट लैपटॉप स्लीव या कवर में रखें. इससे बैग भीगने पर भी लैपटॉप काफी हद तक सुरक्षित रहता है.

सिलिका जेल पैकेट रखें साथ

नए जूते या इलेक्ट्रॉनिक सामान के साथ मिलने वाले छोटे-छोटे सिलिका जेल पैकेट नमी को सोखने का काम करते हैं. इन्हें अपने लैपटॉप बैग या गैजेट्स वाले ड्रॉअर में रखने से अंदर की नमी कम होती है और डिवाइस लंबे समय तक सुरक्षित रहते हैं.

फोन भीग जाए तो चावल में रखने की गलती न करें

अगर आपका स्मार्टफोन पानी में भीग जाए, तो उसे चावल में रखने की बजाय सबसे पहले स्विच ऑफ करें. फिर कवर और सिम ट्रे निकाल दें, सूखे कपड़े से पोंछें और हवा वाली जगह पर 24 से 48 घंटे तक सूखने दें. इस दौरान चार्जर बिल्कुल न लगाएं और हेयर ड्रायर का इस्तेमाल भी न करें.

लैपटॉप में पानी चला जाए तो तुरंत बंद करें

अगर लैपटॉप भीग जाए, तो सबसे पहले उसे तुरंत बंद कर दें और चार्जर निकाल दें. अगर बैटरी हटाई जा सकती है तो उसे भी निकाल दें. इसके बाद लैपटॉप को उल्टा करके सूखी जगह पर कम से कम 24 घंटे तक रखें. ज्यादा पानी जाने पर सर्विस सेंटर में दिखाना बेहतर रहेगा.

ईयरबड्स और हेडफोन को भी बारिश से बचाएं

ज्यादातर वायरलेस ईयरबड्स सिर्फ पसीने या हल्की छींटों से ही सेफ होते हैं. अगर वे भीग जाएं, तो उन्हें चार्जिंग केस में रखने से पहले अच्छी तरह सुखाएं. गीले ईयरबड्स को चार्ज करने से केस और ईयरबड्स दोनों खराब हो सकते हैं.

स्मार्टवॉच के साथ स्ट्रैप का भी रखें ध्यान

ज्यादातर स्मार्टवॉच बारिश में ठीक रहती हैं, लेकिन लेदर या फैब्रिक स्ट्रैप नमी सोख लेते हैं और जल्दी खराब हो सकते हैं. मानसून में सिलिकॉन या फ्लोरोएलास्टोमर स्ट्रैप इस्तेमाल करना बेहतर रहता है.

डिवाइस भीग जाए तो बार-बार ऑन करके चेक न करें

बारिश में सबसे बड़ी गलती यही होती है कि लोग भीगने के तुरंत बाद डिवाइस ऑन करके देखने लगते हैं कि वह चल रहा है या नहीं. ऐसा करने से शॉर्ट सर्किट का खतरा बढ़ जाता है. अगर डिवाइस ज्यादा भीग गया है, तो उसे अच्छी तरह सूखने दें और जरूरत पड़ने पर ऑथराइज्ड सर्विस सेंटर में ही दिखाएं.

ये भी पढ़ें: Type-C चार्जर का ऐसा इस्तेमाल नहीं जानते होंगे आप, सिर्फ फोन ही नहीं ये 6 गैजेट्स भी हो जाएंगे चार्ज


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Shivani Shah

शिवानी शाह टेक्नोलॉजी और ऑटोमोबाइल जर्नलिस्ट हैं. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में वह कंटेंट राइटर के रूप में काम कर रही हैं. वह स्मार्टफोन्स, टेलीकॉम अपडेट्स, टिप्स एंड ट्रिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), गैजेट्स, बायर्स गाइड और ऑटोमोबाइल से जुड़ी खबरों को कवर करती हैं.

टेक्नोलॉजी सेक्टर में शिवानी शाह की मजबूत पकड़ स्मार्टफोन लॉन्च/रिव्यूज, गैजेट रिव्यूज, टिप्स एंड ट्रिक्स, बायर्स गाइड, टेलीकॉम अपडेट्स, AI टूल्स/फीचर्स और ट्रेंडिंग टेक टॉपिक्स से जुड़े विषयों में है. ऑटोमोबाइल सेक्टर में वह नई कार/बाइक/स्कूटर्स की लॉन्चिंग, गाड़ियों के फीचर्स, बायर्स गाइड, इलेक्ट्रिक व्हीकल्स (EV), ट्रेंडिंग ऑटो टॉपिक्स और अपडेट्स पर रिसर्च-बेस्ड कंटेंट लिखती हैं. उनकी कोशिश रहती है कि हर खबर सिर्फ लॉन्च और फीचर्स की जानकारी तक सीमित न रहे, बल्कि पाठकों को यह भी समझ आए कि वह उनके लिए कितनी काम की है.

शिवानी शाह ने साल 2020 में करीम सिटी कॉलेज, जमशेदपुर से पत्रकारिता में ग्रेजुएशन और साल 2024 में अपेक्स यूनिवर्सिटी, जयपुर से मास्टर्स की पढ़ाई पूरी की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने मीडिया और डिजिटल स्टोरीटेलिंग की बारीकियों को समझा और धीरे-धीरे टेक और ऑटो जर्नलिज्म की ओर अपना फोकस बढ़ाया.

अपने करियर की शुरुआत शिवानी शाह ने झारखंड के डिजिटल न्यूज पोर्टल Lagatar.com से की, जहां करीब एक साल तक उन्होंने काम किया. इसके बाद जयपुर में पढ़ाई के दौरान Hamara Samachar यूट्यूब चैनल में वह न्यूज एंकर रहीं. मास्टर्स पूरी करने के बाद उन्होंने झारखंड डिजिटल न्यूज पोर्टल The News Post में करीब एक साल तक काम किया. इन संस्थानों में काम करने के दौरान उन्होंने लोगों तक सही, भरोसेमंद और आसान भाषा में जानकारी पहुंचाने का अनुभव हासिल किया.

शिवानी का मानना है कि टेक्नोलॉजी और ऑटोमोबाइल से जुड़ी खबरें लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी और खरीदारी के फैसलों को प्रभावित करती हैं. इसलिए वह हर खबर को अच्छी तरह रिसर्च करके, आसान भाषा में और सही जानकारी के साथ लिखती हैं, ताकि हर उम्र के पाठक उसे आसानी से समझ सकें.

ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >