West Bengal : भाजपा प्रत्याशी अग्निमित्रा पाल के खिलाफ गैर जमानती धारा के तहत एफआईआर दर्ज

West Bengal Updates : पश्चिम बंगाल भारत का चौथा सबसे अधिक आबादी वाला राज्य है और क्षेत्रफल की दृष्टि से भारत का तेरहवां सबसे बड़ा राज्य है . इस राज्य की राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, धर्म, अपराध एवं अन्य खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के साथ. पश्चिम बंगाल की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले...

Live Updates
4:40 PM. 18 Apr 24 4:40 PM. 18 Apr

डोमजूर में युवती ने ब्रिज से नीचे कूदकर की खुदकुशी

डोमजूर थाना अंतर्गत सलप इलाके के मंडलपाड़ा में एक युवती ने ब्रिज से छलांग लगा कर खुदकुशी कर ली. मृतका की शिनाख्त पूजा अढ्ढो (24) के रूप में हुई है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. जानकारी के अनुसार, घर में आर्थिक तंगी और शादी नहीं होने की वजह से वह परेशान थी. गुरुवार सुबह वह घर से निकल कर सलप ब्रिज पर पहुंची और वहां से छलांग लगा दी. उसे गंभीर हालत में हावड़ा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कुछ देर बाद उसकी मौत हो गयी.

4:10 PM. 18 Apr 24 4:10 PM. 18 Apr

जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र के सिद्धपुर बागडिहा गांव बम विस्फोट से थर्राया

जामुड़िया,राम कुमार : जामुड़िया थाना क्षेत्र के सिद्धपुर बागडिहा गांव में एक घर में विस्फोट की घटना के बाद से आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है. लोकसभा चुनाव से पहले इस ब्लास्ट से आसनसोल लोकसभा क्षेत्र का जामुड़िया थर्रा उठा. भाजपा का कहना है कि भाजपा कार्यकर्ता के घर पर बम विस्फोट हुआ है. इसकी ईडी, एनआईए से जांच कराई जाए. वहीं तृणमूल जिलाध्यक्ष नरेंद्र नाथ चक्रवर्ती ने भाजपा पर निशाना साधा है चुनाव और रामनवमी में अशांति फैलाने की साजिश भाजपा द्वारा की गई थी. भाजपा बात-बात पर सीबीआई जांच की बात करती है, इस मामले की भी जांच ईडी या सीबीएसई कराई जाए. दूसरी तरफ भाजपा नेता संतोश सिंह ने कहा कि आरोप पूरी तरह से बेबुनियाद है. यह तृणमूल का काम है और भाजपा कर्मी को फंसाने की साजिश है.

4:00 PM. 18 Apr 24 4:00 PM. 18 Apr

बंगाल में गर्मी का कहर जारी, बारिश की संभावना नहीं

पश्चिम बंगाल में गर्मी (Summer) का कहर जारी है. बल्कि सप्ताह के अंत में गर्मी और भी भयावह रूप लेने वाली है. अलीपुर मौसम विभाग का कहना है कि शुक्रवार से रविवार तक दक्षिण बंगाल में गर्मी जारी रहेगी. कोलकाता में भी लू का खतरा है. अत्यधिक गर्म और असुविधाजनक मौसम जारी रहेगा. मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण बंगाल में गर्मी की स्थिति धीरे-धीरे बढ़ेगी. सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक जब तक जरुरी न हो धूप में न निकलें. हालांकि, उत्तर बंगाल के ऊपरी पांच जिलों में बारिश जारी रहेगी. उत्तर बंगाल के निम्नलिखित तीन जिलों में भी गर्म और असुविधाजनक मौसम का अनुभव होगा.

2:50 PM. 18 Apr 24 2:50 PM. 18 Apr

अचानक सड़क पर खड़ी कार में लगी भयावह आग

पश्चिम बंगाल के चांदनी चौक में अचानक सड़क किनारे खड़ी एक कार (Car) में आग लग गई. इसके बाद आग की लपटें अचानक बढ़ने लगी और बंगाल में खड़ी कार में लग गई. अचानक आग लगने से चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई. यह घटना गुरुवार दोपहर शहर के चांदनी चौक इलाके में हुई.स्थानीय निवासियों और ड्राइवरों ने पानी से आग बुझाने की कोशिश की. बाद में दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. अग्निशमन विभाग की ओर से अभी तक आग लगने का कारण नहीं बताया गया है. कुछ स्थानीय ड्राइवरों ने दावा किया कि आग सबसे पहले सड़क के किनारे खड़े एक चार पहिया वाहन में आग लगी. इसके बाद यह आस-पड़ोस की कारों तक फैल गई.

2:17 PM. 18 Apr 24 2:17 PM. 18 Apr

ममता बनर्जी का आरोप, बंगाल में रामनवमी त्योहार के दौरान हिंसा भड़काने के लिये भाजपा जिम्मेदार

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) के रायगंज में सभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा ने पश्चिम बंगाल में रामनवमी त्योहार के दौरान हिंसा भड़कायी है. हथियार के साथ रामनवमी जुलूस निकालने का अधिकार किसने दिया. जब हाईकोर्ट ने बिना अस्त्र के रैली निकालने का निर्देश दिया था फिर भी भाजपा समर्थकों ने रैली में हथियार का इस्तेमाल किया और दंगा फैलाने का प्रयास किया है. ममता बनर्जी ने कहा, मुर्शिदाबाद के डीआईजी को भाजपा ने हटाया ताकि वह पर हंगामा कर सकें. भाजपा ने पहले ही रामनवमी के दिन हंगामा करने की योजना बनाई थी.

1:43 PM. 18 Apr 24 1:43 PM. 18 Apr

राज्यपाल पर लगाम लगाने के लिये तृणमूल पहुंची चुनाव आयोग

पश्चिम बंगाल में लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Elections) को लेकर पार्टियों के बीच टक्कर जारी है. पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस के खिलाफ तृणमूल ने चुनाव आयोग से शिकायत की है. राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने पहले चरण के मतदान के दिन अलीपुरद्वार जाने की योजना बनाई थी. इससे राज्य की सत्ताधारी पार्टी को आपत्ति हो रही है. उनका दावा है कि राज्यपाल अवैध तरीके से चुनाव में हस्तक्षेप करने की कोशिश कर रहे हैं. पहले दौर के मतदान से एक दिन पहले तृणमूल ने आयोग से संपर्क कर मामले पर कार्रवाई करने का अनुरोध किया है.

1:00 PM. 18 Apr 24 1:00 PM. 18 Apr

शुभेंदु अधिकारी ने राज्यपाल को लिखा पत्र, मुर्शिबाद हिंसा की एनआइए जांच कराने की रखी मांग

पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में बुधवार को रामनवमी शोभायात्रा के दौरान झड़प होने की घटनाओं पर सियासत गर्मा गई है. इन घटनाओं पर भाजपा लगातार मौजूदा तृणमूल सरकार को घेर रही है. भाजपा ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने बदमाशों का साथ दिया है. वहीं, भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी (Suvendu Adhikari) ने गुरुवार को राज्यपाल को पत्र लिखकर मुर्शिदाबाद के रेजिनगर इलाके में रामनवमी शोभायात्रा के दौरान हुई झड़पों की राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) से जांच कराने की मांग की है. उन्होंने राज्यपाल से कानून व्यवस्था पर दखल देने का अनुरोध किया है. शुभेंदु अधिकारी का आरोप है कि मुख्यमंत्री के भड़काऊ भाषण के कारण पश्चिम बंगाल राज्य में विभिन्न जगहों पर रामनवमी के जुलूसों के दौरान हंगामा हुआ है और सीएम ने लोगों काे भड़काने का प्रयास किया है.

12:16 PM. 18 Apr 24 12:16 PM. 18 Apr

बोलपुर सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर मिला विषाक्त सांप

पश्चिम बंगाल में सरकारी अस्पताल में सुरक्षा में हुई चूक के कारण अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर में ही विषाक्त सांप (Snake) के मिलने की घटना से अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगा है. बीरभूम जिले के बोलपुर सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर में मिला विषाक्त सांप को देख ऑपरेशन हेतु पहुंचे चिकित्सक और नर्स के साथ ही अन्य स्टाफ में हड़कंप मच गया. घटना की सूचना के बाद बोलपुर वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंच सांप का रेस्क्यू किया. घटना को लेकर अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके अभिभावकों ने भी सुरक्षा को लेकर सवाल किया है. सरकारी महकमा अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर में विषाक्त सांप के मिलनेकी घटना को लेकर अस्पताल प्रबंधन भी सकते में है.

12:15 PM. 18 Apr 24 12:15 PM. 18 Apr

अगले सोमवार 22 अप्रैल से शुरू हो सकती हैं गर्मी की छुट्टियां

बंगाल के विभिन्न स्कूलों में अगले सोमवार 22 अप्रैल से शुरू हो सकती हैं गर्मी की छुट्टियां. प्रचंड गर्मी की स्थिति को लेकर नवान्न में बैठक.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Shinki Singh

10 साल से ज्यादा के पत्रकारिता अनुभव के साथ मैंने अपने करियर की शुरुआत Sanmarg से की जहां 7 साल तक फील्ड रिपोर्टिंग, डेस्क की जिम्मेदारियां संभालने के साथ-साथ महिलाओं से जुड़े मुद्दों और राजनीति पर लगातार लिखा. इस दौरान मुझे एंकरिंग और वीडियो एडिटिंग का भी अच्छा अनुभव मिला. बाद में प्रभात खबर से जुड़ने के बाद मेरा फोकस हार्ड न्यूज पर ज्यादा रहा. वहीं लाइफस्टाइल जर्नलिज्म में भी काम करने का मौका मिला और यह मेरे लिये काफी दिलचस्प है. मैं हर खबर के साथ कुछ नया सीखने और खुद को लगातार बेहतर बनाने में यकीन रखती हूं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >