लोहा फैक्टरी में दीवार ढहने से दो श्रमिकों की मौत,हुआ हंगामा

शुक्रवार को दोपहर पश्चिम बर्दवान के कांंकसा थाना क्षेत्र के गोपालपुर बाबूनाड़ा औद्योगिक अंचल में वीएसपी लोहा कारखाने में सीवर के निर्माण कार्य के दौरान दीवार ढह गयी, जिसके नीचे दब कर दो श्रमिकों की मौत हो गयी, जबकि दो अन्य श्रमिक बुरी तरह घायल हो गये.

पानागढ़.

शुक्रवार को दोपहर पश्चिम बर्दवान के कांंकसा थाना क्षेत्र के गोपालपुर बाबूनाड़ा औद्योगिक अंचल में वीएसपी लोहा कारखाने में सीवर के निर्माण कार्य के दौरान दीवार ढह गयी, जिसके नीचे दब कर दो श्रमिकों की मौत हो गयी, जबकि दो अन्य श्रमिक बुरी तरह घायल हो गये. मृतकों के नाम राम टुडू (32) और चंदन बाउड़ी(28) बताये गये हैं. दोनों स्थानीय गोपालपुर गांव के निवासी थे.

घटना में बुरी तरह घायल दो अन्य श्रमिकों बुलू माल व सुरेख को दुर्गापुर महकमा अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत खतरे में बतायी गयी है. घटना के बाद स्थानीय गांव के लोग और कारखाने के अन्य श्रमिकों ने प्रबंधन के खिलाफ जम कर आक्रोश जताया. विरोध प्रदर्शन करते हुए उस पर श्रमिक सुरक्षा में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया. कुछ गुस्साये श्रमिकों ने कारखाना परिसर में हल्की तोड़फोड़ भी की. उक्त घटना और फिर श्रमिकों के प्रदर्शन की सूचना पाकर पुलिस वहां पहुंची और बिगड़ती परिस्थिति संभाली. कारखाने में दीवार ढहने और दो श्रमिक की मौत की खबर मिलते ही तृणमूल कांग्रेस के श्रमिक संगठन आइएनटीटीयूसी के ब्लॉक अध्यक्ष चंदन राय भी उक्त कारखाना परिसर में पहुंचे, जहां उन्हें भी श्रमिकों का गुस्सा झेलना पड़ा. पुलिस ने बताया कि कारखाने के अंदर चहारदीवारी के साथ सीवर का निर्माण कार्य चल रहा था. तभी अचानक दीवार ढह गयी, जिसके मलबे के नीचे दब जाने से दो श्रमिकों की मौत हो गयी. घटना के प्रतिवाद में कारखाने के श्रमिको ने शवों को रख कर विरोध प्रदर्शन किया. पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा और एक आश्रित को नौकरी देने की मांग की. कारखाना प्रबंधन पर आरोप लगाया कि वह परिसर में श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर उदासीन है. घटना की सूचना पाकर डीसीपी-ईस्ट अभिषेक गुप्ता, कांकसा एसीपी सुमन कुमार जायसवाल, कांकसा थाने के आइसी पार्थ घोष की अगुवाई में भारी पुलिस बल पहुंचा और बिगड़ती स्थिति पर नियंत्रण पाया. मृत श्रमिकों के शवों को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >