फोन पर खुद को बैंक का मैनेजर बता छात्रा को ठगा

बालूरघाट. फोन पर खुद को बैंक मैनेजर बताकर फिर एक ठगी का मामला सामने आया है. घटना दक्षिण दिनाजपुर की है. फरजी फोन कॉल में फंसकर एक छात्रा कन्याश्री योजना का अपना पैसा गंवा बैठी. घटना के संबंध में छात्रा ने बैंक में लिखित शिकायत दर्ज करायी है. छात्रा पुलिस के पास भी गयी थी, […]

बालूरघाट. फोन पर खुद को बैंक मैनेजर बताकर फिर एक ठगी का मामला सामने आया है. घटना दक्षिण दिनाजपुर की है. फरजी फोन कॉल में फंसकर एक छात्रा कन्याश्री योजना का अपना पैसा गंवा बैठी. घटना के संबंध में छात्रा ने बैंक में लिखित शिकायत दर्ज करायी है. छात्रा पुलिस के पास भी गयी थी, लेकिन साइबर थाना न होने की बात कहकर पुलिस ने उसकी शिकायत नहीं ली.
जानकारी मिली है कि छात्रा बालूरघाट कॉलेज में तृतीय वर्ष में पढ़ती है. उसका घर बालूरघाट ब्लॉक की बोल्ला ग्राम पंचायत के सरंग्राम इलाके में है. पिता पेशे से किसान हैं. उसने कन्याश्री योजना के भत्ते के लिए भारतीय स्टेट बैंक की बालूरघाट शाखा में खाता खोला हुआ है. उसके खाते में एक बार 5500 रुपये और एक बार 25000 रुपये जमा हुए थे. यह 25000 रुपये कन्याश्री के तहत आये थे. गत 18 जनवरी को पूजा के मोबाइल पर एक फोन आया. फोन करनेवाले ने अपना परिचय बैंक मैनेजर के रूप में दिया. इसके बाद उसने पूजा के एटीएम कार्ड का नंबर और उस पर मौजूद सीवीवी नंबर पूछा. पहले तो उसने देने से मना कर दिया. लेकिन बाद में उसकी बातों में फंसकर उसने अपना कार्ड नंबर और पिन नंबर दे दिया. पहले तो वह कुछ समझ नहीं पायी. लेकिन कुछ दिन बाद जब वह बैंक में अपनी पासबुक अपडेट कराने गयी, तो उसे पता चला कि उसके खाते से 4999 रुपये गायब हैं.

इसके बाद छात्रा ने बैंक में लिखित शिकायत की. इसके साथ ही, गत शनिवार को शिकायत दर्ज कराने बालूरघाट थाने भी गयी. लेकिन पुलिस ने उसकी शिकायत लेने से इनकार कर दिया. पुलिस ने कहा कि जिले में कोई साइबर थाना नहीं है. इस थाने में यह सब शिकायत नहीं ली जाती.

पूजा का परिवार काफी गरीब है. उसके पिता खेती करके किसी तरह परिवार चलाते हैं. बड़ी मुश्किल से अपने दो बेटों और बेटी को पढ़ा-लिखा पा रहे हैं. छात्रा ने बैंक में दी गयी अर्जी में परिवार की हालत का हवाला देते हुए अपनी रकम लौटाने का अनुरोध किया है. स्टेट बैंक प्रबंधन ने बताया कि वह पूरे मामले को देख रहा है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >