सिलीगुड़ी. उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल की बेहाल सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिये सिलीगुड़ी जिला भाजपा के स्वास्थ सेल की ओर से मेडिकल अधीक्षक को एक ज्ञापन सौंपा गया. मेडिकल कॉलेज की सभी सेवा निशुल्क करने की मांग से लेकर ग्रुप डी कर्मचारियों को समय पर उचित मजदूरी देने की मांग की गयी. स्वास्थ सेल के राज्य संयोजक इंद्रजीत सिन्हा ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में ब्लड बैंक होने के बाद भी रोगियों को रक्त के लिये दर-दर भटकना पड़ता है.
डोनर ना मिलने पर विभिन्न प्रकार से रोगियों के परिजनों को परेशान किया जाता है. सिटी स्कैन सहित कइ अन्य जांच की मशीने महीनों से खराब है. मेडिकल परिसर में दलालों का आतंक दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है.
कइ वार्डों में एक बेड पर दो रोगियों को रखा जा रहा है. शव को पोस्टमार्ट के लिये ले जाने व बाहर निकालने के लिये रोगियों के परिजनों से रूपया वसुला जाता है. श्री सिन्हा ने कहा कि इन सभी के साथ अन्य कइ समस्याओं की ओर मेडिकल अधीक्षक का ध्यान आकर्षित किया गया है. रोगियों की हित में मांगो पर अविलंब ध्यान नहीं दिया गया तो वहलोग आंदोलन करेंगे.
