सिलीगुड़ी: पूरे देश के साथ ही सिलीगुड़ी भी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 120वीं जयंती के अवसर पर विभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों में साराबोर रहा. इस पावन अवसर पर इतिहास में पहली बार अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद सिलीगुड़ी शाखा की ओर से 120 मीटर लंबी तिरंगा यात्रा निकाली गयी. 120 मीटर लंबी भारत की शान को एबीवीपी के 120 सदस्यों ने पकड़ कर मार्च किया. एबीवीपी के जिला अध्यक्ष अनूप भदानी ने बताया कि नेताजी जयंती के अवसर पर कंचनजंघा स्टेडियम से निकली तिरंगा यात्रा हिलकर्ट रोड, सेवक रोड के रास्ते विधान रोड होते हुए वापस स्टेडियम पहुंचकर समाप्त हुयी.
नगर सचिव विवेक शर्मा ने बताया कि भारत को स्वतंत्र कराने में नेताजी के योगदान को भूलाया नहीं जा सकता. उनकी जयंती के अवसर पर भारतीय इतिहास में पहली बार 120 मीटर लंबी तिरंगा यात्रा निकाली गयी है. वर्तमान युवा वर्ग को नेताजी के जीवन आदर्शों का अनुसरण करना चाहिए. दूसरी ओर सिलीगुड़ी जिला भाजपा की ओर से हाशमी चौक स्थित जिला पार्टी कार्यालय जयमणी भवन में भी नेताजी की जयंती मनायी गयी. तिरंगे को सलामी देकर जिला भाजपा अध्यक्ष प्रवीण सिंहल ने नेताजी के तस्वीर पर पुष्प अर्पित किया. इस अवसर पर जिला भाजपा नेताओं के अलावा महिला मोरचा की सदस्य भी उपस्थित थी.
दार्जिलिंग जिला कांग्रेस की ओर से हाशमी चौक स्थित जिला कार्यालय विधान भवन के सामने नेताजी की जयंती मनायी गयी. जिला कांग्रेस अध्यक्ष शंकर मालाकार ने राष्ट्रध्वज फहराकर नेताजी के तस्वीर पर माल्यार्पण किया. इस अवसर पर उपस्थित जिला महासचिव जीवन मजुमदार, पूर्व वार्ड पार्षद शिखा राय, युवा कार्यकर्ता मेहदी हुसैन, विनय सिंह, शहनवाज हुसैन आदि ने नेताजी के तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया. इसके अतिरिक्त सिलीगुड़ी नगर निगम के वार्ड नंबर 25 की कांग्रेस पार्षद सीमा साहा ने भी मिलन पल्ली इलाके में नेताजी की जयंती पर कार्यक्रम आयोजित किया. वार्ड कमिटी के सदस्यों की उपस्थिति में झंडोत्तोलन कर उन्होंने नेताजी को माल्यार्पण किया. इस अवसर पर उपस्थित बच्चों में मिठाईयां बांटी गयी.
तृणमूल जिला कार्यालय विधान भवन में भी नेताजी के तस्वीर पर माल्यार्पण व तिरंगा फहराया गया. इसके अतिरिक्त वार्ड नंबर 11 और 12 के तृणमूल पार्षद नांटू पाल व मंजूश्री पाल के संयुक्त तत्वाधान में नेताजी की 120 वीं जयंती मनायी गयी.
इसके अतिरिक्त सिलीगुड़ी नगर निगम कार्यालय में मेयर सह विधायक अशोक भट्टाचार्य ने नेताजी को माल्यार्पण कर नमन किया. इस अवसर पर उपस्थित कई मेयर परिषद सदस्य, वार्ड पार्षद व निगम अधिकारियों ने श्रद्धासुमन अर्पित कर नेताजी को नमन किया. सिलीगुड़ी महकमा परिषद में भी नेताजी जन्मदिवस का पालन किया गया. सिलीगुड़ी जर्नलिस्ट क्लब व प्रेस क्लब ऑफ नॉर्थ बंगाल में भी नेताजी की तस्वीर पर माल्यार्पण कर तिरंगे को सलामी दी गयी. इसके अतिरिक्त सिलीगुड़ी व आस-पास स्थित सभी सरकारी व निजी विद्यालय, महाविद्यालय व विश्वविद्यालय सहित कई क्लब व संस्था की की ओर से नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती मनायी गयी.
