इंगलिशबाजार नगरपालिका, आठ मिनट में ही चेयरमैन निर्वाचित हुए निहार घोष

मालदा: आठ मिनट में ही इंगलिशबाजार नगरपालिका का नया चेयरमैन चुन लिया गया. हाथ उठाकर 17 पार्षदों ने उनका समर्थन किया. जैसी कि उम्मीद थी निहार घोष नये चेयरमैन बन गये हैं. तृणमूल के आठ पार्षदों समेत 12 पार्षद इस दौरान गैरहाजिर रहे. निर्वाचन के बाद श्री घोष ने पद की शपथ ली. वहीं अब […]

मालदा: आठ मिनट में ही इंगलिशबाजार नगरपालिका का नया चेयरमैन चुन लिया गया. हाथ उठाकर 17 पार्षदों ने उनका समर्थन किया. जैसी कि उम्मीद थी निहार घोष नये चेयरमैन बन गये हैं. तृणमूल के आठ पार्षदों समेत 12 पार्षद इस दौरान गैरहाजिर रहे. निर्वाचन के बाद श्री घोष ने पद की शपथ ली. वहीं अब तक प्रभारी चेयरमैन रहे बाबला सरकार ने उप चेयरमैन पद की शपथ ली.

बुधवार को सुबह साढ़े 11 बजे डिप्टी मजिस्ट्रेट सुकांत साहा और इंगलिशबाजार नगरपालिका के कार्यकारी अधिकारी चंदन गुहा ने चेयरमैन निर्वाचन की प्रक्रिया शुरू की.

पार्षदों में से बाबला सरकार को सभापति चुना गया. इसके बाद सभापति के रूप में बाबला सरकार ने चेयरमैन के निर्वाचन की प्रक्रिया शुरू की. बैठक में उपस्थित 17 पार्षदों में से 20 नंबर वार्ड की पार्षद चैताली सरकार ने निहार घोष को चेयरमैन बनाने का प्रस्ताव किया. इसका 17 नंबर वार्ड के तृणमल पार्षद शुभमय बसु ने समर्थन किया. कोई दूसरा दावेदार नहीं होने की वजह से सभापति बाबला सरकार ने निहार घोष को चेयरमैन घोषित कर दिया. इसके बाद निहार घोष ने चेयरमैन और बाबला सरकार ने उप चेयरमैन पद की शपथ ली.
संवाददाता सम्मेलन में नये चेयरमैन निहार घोष ने कहा कि इससे पहले के बोर्ड में किसी को कुछ बोलने का अधिकार नहीं था. पार्षदों को उचित सम्मान नहीं दिया जाता था. पद संभालने के बाद मैं अब यह कार्य-संस्कृति बदलने की कोशिश करूंगा. लोगों की सलाह लेकर शहर में सभी का विकास होगा. अभी इंगलिशबाजार नगरपालिका की सबसे बड़ी समस्या उसके पास कोई स्थायी डंपिंग ग्राउंड का नहीं होना है. इसके अलावा शुद्ध पेयजल लोगों को नहीं मिल पा रहा है. सबसे पहले इन दो कामों को निपटाया जायेगा. इसके साथ ही विकास में पिछड़े वार्डों में रास्ता, जल निकासी, स्ट्रीट लाइट आदि की व्यवस्था पर जोर दिया जायेगा. बस्तियों के विकास के साथ सभी गरीबों तक सरकारी परिसेवाएं पहुंचाने की व्यवस्था की जायेगी.
चेयरमैन के निर्वाचन के दौरान पार्टी के आठ पार्षदों की गैरहाजिरी पर श्री घोष ने कहा कि पार्टी उनके खिलाफ कदम उठायेगी. चेयरमैन निर्वाचन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद तृणमूल के जिला अध्यक्ष मोअज्जम हुसेन नगरपालिका पहुंचे. उन्होंने साफ कहा कि पार्टी के सभी पार्षदों को साथ लेकर यह बोर्ड विकास का काम करेगा. जो आठ पार्षद गैरहाजिर रहे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी. मैंने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को इस बारे में जानकारी दे दी है. शीर्ष नेतृत्व ने निर्देश दिया है कि व्हिप न माननेवाले इन आठों पार्टी पार्षदों को कोई जिम्मेदारी नहीं दी जायेगी.
जब इन गैरहाजिर आठ पार्षदों से संपर्क करने की कोशिश की गयी, तो अधिकतर ने कोई टिप्पणी करने से इनकार किया. पूर्व चेयरमैन कृष्णेंदु चौधरी ने बताया कि उन्हें बुलावे की कोई चिट्ठी नहीं मिली थी. बुधवार को चेयरमैन निर्वाचन की बैठक में कुल 29 पार्षदों में से सीपीएम के पार्षद दोलन चाकी, कांग्रेस के दो पार्षद नरेंद्रनाथ तिवारी, अंजू तिवारी और भाजपा के पार्षद संजय शर्मा भी उपस्थित नहीं हुए. इस तरह कुल 29 में से 17 पार्षद ही बैठक में शामिल हुए.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >