स्थानीय लोगों ने इसकी जानकारी ओल्ड मालदा थाना पुलिस को दी. पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है. इस घटना के लिए मृतका के भाई जीतेन्द्र दास ने आरोप लगाते हुए कहा है कि संपत्ति को लेकर वृद्धा की हत्या की गई है. आसपास के लोगों ने भी ऐसा ही बयान दिया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि बेटी लक्ष्मी दास तथा दामाद की नजर वृद्धा की संपत्ति पर लगी हुई थी. उन दोनों ने बेटे नयन दास को भी अपने साथ मिला लिया था. स्थानीय लोग लक्ष्मी दास को पकड़ कर ले आये थे और उसके साथ जमकर मारपीट भी की गई. बाद में पुलिस ने उसे बचाया. जीतेन्द्र दास ने बताया है कि दीदी के नाम से कई बीघा जमीन है.
उसके बैंक खाते में भी दो लाख रुपये जमा हैं. सोने के गहने भी हैं. बेटी-दामाद तथा बेटे की नजर इसी संपत्ति पर लगी हुई थी. वह लोग किसी तरह से इसे हासिल करने में लगे हुए थे. बहन के साथ मारपीट भी की जाती थी. उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि रविवार की रात तीनों ने मिलकर बहन को मार डाला है. उन्हीं तीनों के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज करायी गई है. प्रत्यक्षदर्शी बिमला दास ने पुलिस को बताया है कि प्रमिला दास पास में ही रहती थी. उसके साथ बेटा-दामाद रोज मारपीट करता था. कुछ महीने पहले इन लोगों ने वृद्धा की कमर भी तोड़ दी थी. ऐसा लगता है कि इन्हीं लोगों ने उसकी हत्या की है. पुलिस अधीक्षक अरनब घोष का कहना है कि हत्या का एक मामला दर्ज हुआ है. ओल्ड मालदा थाना पुलिस इस मामले में एक महिला को गिरफ्तार कर चुकी है. बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है.
