बालूरघाट : शहर के कमारपाड़ा इलाके में स्थित स्टेट बैंक के पास लगे एटीएम से पिछले कइ दिनों से पैसे नहीं मिल रहे थे.बैंक के ग्राहक काफी परेशान थे.ऐसी परिस्थिति में शुक्रवार सुबह लोगों ने उस एटीएम को तोड़फोड़ की स्थिति में देखा. किसने तोड़फोड़ की इसका किसी को पता नहीं है. माना जा रहा है कि परेशान ग्राहकों ने ही इस तोड़फोड़ की घटना को अंजाम दिया है.पैसे को लेकर रोज यहां झमेला हो रहा था. बैंक के कर्मचारियों के साथ कइ बार ग्राहकों का विवाद भी हुआ था.
इन्हीं मे से किसी ग्राहक ने तोड़फोड़ को अंजाम दिया होगा.हांलाकि पुलिस ने इसके लिए किसी नशेड़ी को जिम्मेदार ठहराया है. पुलिस का कहना है कि रात के अंधेरे में शराब के नशे में किसी ने इस घटना को अंजाम दिया है.दक्षिण दिनाजपुर जिले के बालुरघाट थानार्न्गत कमारपाड़ा मोड़ के निकट स्टेट बैंक की यह शाखा है.सूत्रों के अनुसार रात को घने कोहरे के बीच कुछ लोगों को इस शाखा के एटीएम में तोड़फोड़ करते देखा गया.एटीएम काउंटर के गेट और कांच को पूरी तरह से तोड़ दिया गया है.स्थानीय निवासी तथा पंचायत सदस्य शीतल सरकार ने बताया है कि पैसे को लेकर इस शाखा में रोज ही बवाल होता है.
एटीएम की तो बात छोड़ दें,बैंक में भी पैसे नहीं हैं.उन्होंने बताया कि एक युवक को उन्होंने संदिग्ध रूप में वहां देखा था. शायद उसी ने तोड़फोड़ की होगी.इसबीच,पैसे निकालने के लिए शुक्रवार को भी यहां ग्राहकों की लंबी लाइन लगी हुयी थी.लाइन में खड़े एक ग्राहक श्यामल राय ने बताया कि रोज-रोज लाइन में लगने के बाद भी यहां पैसे नहीं मिल रहे.
इसको लेकर सभी के मन में भारो रोष है. हो सकता है उसी में से किसी ने अपना गुस्सा उतार दिया हो.इस सबंध में ब्रांच मैनेजर सूरजकांत भारती ने बताया कि वह लोग कइ दिनों से ग्राहकों को पैसे नहीं दे पा रहे हैं.मुख्य ब्रांच से पहले अन्य ब्रांचों को नगदी दी जाती है. उसके बाद इस ब्रांच में पैसे भेजे जाते हैं.अब ग्राहकों ने रोष में यहो तोड़फोड़ की है या नहीं,वह कुछ नहीं बता सकते.वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी दे दी गयी है.
