8 से 10 तारीख तक विभिन्न स्थानों पर धरना प्रदर्शन
सिलीगुड़ी. प्रधानमंत्री द्वारा पांच सौ और एक हजार रूपये के नोट रद्द किये जाने के बाद से ही राज्य की मुख्यमंत्री सहित तृणमूल कांग्रेस ने केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ मोरचा खोल दिया है. इसी बीच रोजवैली चिटफंड कांड में तृणमूल कांग्रेस सांसद सुदीप बनर्जी और तापस पाल की गिरफ्तारी ने तृणमूल को और आग-बबूला कर दिया. पिछले करीब दो महीने से तृणमूल द्वारा नोटबंदी के खिलाफ जारी आंदोलन के बाद आगामी 8,9 और 10 जनवरी को पूरे राज्य में धरना प्रदर्शन करने का ऐलान तृणमूल कांग्रेस ने किया है.
गुरूवार की शाम सिलीगुड़ी स्थित जिला पार्टी कार्यालय में पत्रकारों को संबोधित करते हुए उक्त जानकारी तृणमूल के जिलाध्यक्ष व राज्य के पर्यटन मंत्री गौतम देव ने दी. इसके अतिरिक्त उन्होंने सिलीगुड़ी नगर निगम के मेयर अशोक भट्टाचार्य के इस्तीफे की मांग पर और भी जोरदार आंदोलन करने की घोषणा की है. श्री देव ने कहा कि सीबीआइ द्वारा तृणमूल सांसद तापस पाल और सुदीप बनर्जी की गिरफ्तारी के खिलाफ 8 से 10 जनवरी तक लगातार पूरे राज्य में धरना प्रदर्शन किया जायेगा. सिलीगुड़ी नगर निगम और महकमा परिषद इलाके में धरना प्रदर्शन किया जायेगा. सिलीगुड़ी नगर निगम के मेयर के इस्तीफे की मांग पर पिछले एक महीने से जारी तृणमूल के आंदोलन के संबंध में उन्होंने कहा कि मेयर और माकपा बोर्ड निगम के संचालन में पूरी तरह से व्यर्थ साबित हुयी है. फलस्वरूप नैतिकता के आधार पर मेयर को त्यागपत्र दे देना चाहिए. श्री देव ने आगे बताया कि आगामी 8 जनवरी को महिला तृणमूल कांग्रेस का जिला सम्मेलन होना है. पहले सिलीगुड़ी इंडोर स्टेडियम में सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया गया था. लेकिन अब इस सम्मेलन को भी सिलीगुड़ी नगर निगम और केंद्र की भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ जारी आंदोलन के साथ जोड़ने का निर्णय लिया गया. इसलिये महिला तृणमूल कांग्रेस का जिला सम्मेलन बाघाजतीन पार्क में आयोजित होगा.
सुजय घटक आयें तो तृणमूल में स्वागत
सिलीगुड़ी नगर निगम के तीन नंबर बोरो कमिटी चेयरमैन सुजय घटक द्वारा इस्तीफा देकर मेयर के खिलाफ मोरचा खोलने के संबंध में श्री देव ने कहा कि यह उनका अपना निजी निर्णय है.
उनके इस निर्णय से तृणमूल का कोई लेनादेना नहीं है. यदि सुजय घटक सही में निगम की माकपा बोर्ड के खिलाफ लड़ना चाहते है तो उनका तृणमूल में स्वागत है. उन्होंने आगे कहा कि सुजय घटक का यह बयान कि माकपा के साथ तृणमूल का एक सांठगांठ है, काफी दुर्भाग्यपूर्ण है. तृणमूल हमेशा से ही माकपा के खिलाफ रही है. बल्कि कांग्रेस हमेशा अपने स्वार्थ के लिये माकपा का समर्थन करती रही है. तृणमूल पार्टी सूत्रों का कहना है कि तृणमूल में शामिल होने के लिये सुजय घटक को मेयर की कुरसी का प्रलोभन दिया गया है.
