डॉक्टर छुट्टी पर, मालदा मेडिकल कॉलेज बेहाल

मालदा: अस्पताल के अधिकांश चिकित्सकों के छुट्टी पर चले जाने की वजह से मालदा मेडिकल कॉलेज से मरीजों को कोलकाता रेफर किया जा रहा है. यह आरोप मरीजों के रिश्तेदारों ने लगाया है. बुधवार रात एक बाइक दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए तीन लोगों को मालदा मेडिकल कॉलेज में भरती कराया गया. गुरुवार […]

मालदा: अस्पताल के अधिकांश चिकित्सकों के छुट्टी पर चले जाने की वजह से मालदा मेडिकल कॉलेज से मरीजों को कोलकाता रेफर किया जा रहा है. यह आरोप मरीजों के रिश्तेदारों ने लगाया है. बुधवार रात एक बाइक दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए तीन लोगों को मालदा मेडिकल कॉलेज में भरती कराया गया. गुरुवार की सुबह इन तीनों को कोलकाता के एसएसकेएम अस्पताल रेफर कर दिया गया. इससे रोगियों के रिश्तेदार क्षुब्ध हो उठे. उनका आरोप है कि मालदा मेडिकल कॉलेज के होने का क्या फायदा. अगर इलाज के लिए कोलकाता जाना है, तो मालदा मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर आखिर क्या कर रहे हैं.

बुधवार रात 10 बजे के करीब पुकुरिया थाने के आड़ाईडांगा मोड़ पर एक बाइक हादसे का शिकार हो गयी. इसमें एक ही परिवार के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. घायलों में मनोज सरकार (25), उसके बड़े भाई छोटन सरकार (31) और चाचा गौतम सरकार (45) हैं. रात में ये लोग एक रिश्तेदार के घर से लौट रहे थे.

पुलिस ने बताया कि घायलों का घर पुकुरिया थाने की महाराजपुर ग्राम पंचायत के देहाट्टा गांव में है. तीनों दिहाड़ी मजदूर का काम करते हैं. हादसे की खबर मिलने के बाद ग्रामवासी घायलों को पहले आड़ाईडांगा ग्रामीण अस्पताल ले गये. वहां से उन्हें रात में ही मालदा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया. पुलिस ने बताया कि हादसे के समय तीनों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था. तीनों के सर में चोट आयी है.
गुरुवार की सुबह मालदा मेडिकल कॉलेज में घायलों के एक रिश्तेदार दिलीप सरकार ने बताया कि तीनों को कोलकाता रेफर कर दिय गया है. कहा गया कि यहां डॉक्टर छुट्टी पर हैं इसलिए ठीक से इलाज संभव नहीं है. हम लोग कर्ज वगैरह ले करके किसी तरह तीनों घायलों को कोलकाता ले जाने की व्यवस्था कर रहे हैं. उन्होंने सवाल किया कि अगर इलाज के लिए कोलकाता जाना पड़ेगा, तो मालदा मेडिकल कॉलेज के होने का क्या लाभ. उन्होंने आरोप लगाया कि अभी पूरा अस्पाल जूनियर डॉक्टरों के सहारे ही चल रहा है. सिर्फ हमारे तीन मरीजों को नहीं, बल्कि अन्य मरीज भी कोलकाता रेफर किये जा रहे हैं.

मालदा मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ प्रतीप कुंडू और उप-प्राचार्य अमित दां अभी छुट्टी पर हैं. इसलिए इन दोनों से मरीजों के रिश्तेदारों के आरोप के बारे में कोई प्रतिक्रिया नहीं ली जा सकी. अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ ज्योतिष चंद्र दास ने बताया कि कुछ चिकित्सक छुट्टी पर जरूर हैं, लेकिन इससे मरीजों की चिकित्सा बाधित नहीं हो रही है. जिन तीन घायल बाइक सवारों को कोलकाता रेफर किया गया है, उनकी हालत काफी गंभीर है. उनके सिर में गंभीर चोट है, इसलिए उन्हें कोलकाता रेफर किया गया है. अस्पताल पहुंचने वाले रोगियों का समुचित इलाज हो रहा है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >