चार छात्र कर रहे हैं समाज के लिए अनोखा काम
अलीपुरद्वार: अलीपुरद्वार शहर में सड़क जाम से लगातार बिगड़ती स्थिति को सुधारने का जिम्मा चार छात्रों ने संभाल रखा है. अलीपुरद्वार जिले के मैकविलियम्स हाई स्कूल के इन छात्रों को विभिन्न स्थानों पर ट्राफिक नियंत्रण करते देखा जा सकता है. यह सभी छात्र स्वेच्छा से पढ़ाई के बाद अपने खाली समय में ट्राफिक नियंत्रण का […]
अलीपुरद्वार: अलीपुरद्वार शहर में सड़क जाम से लगातार बिगड़ती स्थिति को सुधारने का जिम्मा चार छात्रों ने संभाल रखा है. अलीपुरद्वार जिले के मैकविलियम्स हाई स्कूल के इन छात्रों को विभिन्न स्थानों पर ट्राफिक नियंत्रण करते देखा जा सकता है. यह सभी छात्र स्वेच्छा से पढ़ाई के बाद अपने खाली समय में ट्राफिक नियंत्रण का काम करते है.
छात्रों के इस पहल की आम लोगों ने सराहना की है. इन छात्रों का नाम नयन ज्योति महतो, अनुपम साहा, जीत साहा एवं प्राणजल विश्वास है. स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर के छात्र पढ़ाई के बाद खाली समय गपबाजी में लगा देते हैं, जिसे उनके समय का सदुपयोग नहीं हो पाता है. ऐसे में इन चारों छात्रों की कोशिश ने एक नये पहल की शुरूआत की है. यह छात्र स्कूल खत्म करने के बाद ट्यूशन पढ़ने जाते हैं. जिस दिन उनका ट्यूशन नहीं होता है, उस दिन शहर के व्यस्त सड़कों पर ट्राफिक संभालने का काम शुरू कर देते हैं. इससे ट्राफिक पुलिस तथा सिविक वोलंटियर को भी काम करने में थोड़ी आसानी हो जाती है. शहर के माधव मोड़, महाकाल मोड़, अलीपुरद्वार चौराहा, 11 हाथ कालीबाड़ी, डीआरएम चौराहा एवं कॉलेज इलाके में हर समय ही भीड़-भाड़ की स्थिति बनी रहती है. ट्राफिक नियंण के लिए इन स्थानों पर ट्राफिक पोस्ट बनाये गये हैं तथा इलेक्ट्रोनिंग सिगनलिंग की भी व्यवस्था की गई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि इन ट्राफिक पोस्टों पर एक ट्राफिक पुलिस तथा दो सिविक वोलंटियरों की तैनाती की जाती है. इन लोगों के लिए ट्राफिक नियंत्रण कर पाना संभव नहीं है. ऊपर से यदि कोई छुट्टी पर चला जाये, तो स्थिति और भी बिगड़ जाती है. स्थानीय लोगों ने पुलिस के इन जवानों पर कर्त्तव्य में लापरवाही बरतने का भी आरोप लगाया है.
इनका कहना है कि ट्राफिक नियंत्रण में लगे पुलिस वालों को यहां से नदारद पाया जाता है. ऐसी परिस्थिति में ट्राफिक को सुचारू करने के साथ ही आम लोगों को जागरूक करने के लिए मैकविलियम्स स्कूल में 12वीं क्लास में पढ़ने वाले 18 छात्रों ने एक विशेष पहल की शुरूआत पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान की थी. ट्राफिक पुलिस की ओर से इन लोगों को हेलमेट भी दिये गये. बाद में एक-एक कर सभी छात्र इस अभियान से अलग हो गये. अब मात्र चार छात्र ही बचे हैं, जो अभी भी इस अभियान के साथ जुड़े हुए हैं.
हरेक सप्ताह मंगलवार, बुधवार तथा बृहस्पतिवार को ट्यूशन नहीं होने पर यह चारों छात्र ट्राफिक संभालते हैं. बारी-बारी से शहर के सभी छह ट्राफिक पोस्टों पर यह लोग काम में लग जाते हैं. स्थानीय लोगों ने इन छात्रों के कार्योँ की प्रशंसा की है. स्थानीय लोगों का कहना है कि अलीपुरद्वार को हाल ही में जिला बनाया गया है. ट्राफिक नियंत्रण के लिए ढांचागत सुविधाओं के विकास में समय जरूर लगेगा. इधर, जिला पुलिस अधीक्षक अभारू रवीन्द्रनाथ ने पुलिस की ओर से इन चारों छात्रों को सम्मानित करने का निर्णय लिया है. पुलिस अधीक्षक ने कहा है कि ट्राफिक को लेकर आम लोगों को जागरूक करने के लिए यह चारों छात्र काफी देर तक काम कर रहे हैं.