पूजा परिक्रमा : ‘उत्तरायण’ में दसवें वर्ष दुर्गोत्सव का आयोजन
सिलीगुड़ी. सिलीगुड़ी से सटे माटीगाड़ा स्थित उत्तरायण टाउनशीप की ‘उत्तरायण’ सार्वजनिन दुर्गा पूजा कमेटी इस बार 10वां दुर्गोत्सव मनाने जा रही है. हर बार कुछ अलग अंदाज में दुर्गोत्सव का आयोजन करने के लिए उत्तरायण केवल सिलीगुड़ी ही नहीं बल्कि पूरे उत्तर बंगाल में काफी मशहूर है. उत्तरायण के दुर्गोत्सव का आनंद उठाने के लिए […]
सिलीगुड़ी. सिलीगुड़ी से सटे माटीगाड़ा स्थित उत्तरायण टाउनशीप की ‘उत्तरायण’ सार्वजनिन दुर्गा पूजा कमेटी इस बार 10वां दुर्गोत्सव मनाने जा रही है. हर बार कुछ अलग अंदाज में दुर्गोत्सव का आयोजन करने के लिए उत्तरायण केवल सिलीगुड़ी ही नहीं बल्कि पूरे उत्तर बंगाल में काफी मशहूर है.
उत्तरायण के दुर्गोत्सव का आनंद उठाने के लिए लोग बेसब्री से इंतजार करते हैं. लोगों का बेपनाह प्यार और पूजा के प्रति लोगों का लगातार बढ़ते आकर्षण को ध्यान में रखते हुए ही इसबार भी पूजा कमेटी ने खास अंदाज में लोगों के साथ दुर्गोत्सव मनाने का फैसला किया है. पूजा कमेटी के सहायक सचिव शुभदीप गुह ठाकुरता ने बताया कि इस बार उत्तरायण में दर्शनार्थियों को ‘शिवशक्ति’ का दर्शन होगा. ‘शिवशक्ति’ थीम के आधार पर ही दुर्गोत्सव की भव्य तैयारी चल रही है.
दुर्गोत्सव का विशेष आकर्षण 30 फीट उंची जटाधारी शिवशंकर की विशालकाय मूर्ति होगी. जिसे सफेद रंग के फाइबर से कोलकाता में निर्मित करवाया गया है. श्री ठाकुरता ने बताया कि इस बार शक्ति स्वरूपा ‘मां दुर्गा’ विराट और भव्य शिवालय में विराजेगी. जहां दर्शनार्थियों को मां का अलौकिक स्वरूप का दर्शन होगा. श्री ठाकुर ने बताया कि पंचमी के दिन रेलवे स्टेशनों के बेसहारा बच्चों और उत्तरायण में रहनेवाली पांच सबसे बुजुर्ग महिलाओं के हाथों मां के दरबार का पट खोला जायेगा. इस दौरान कमेटी की ओर से बेसाहरा बच्चों को पूजा का आनंद उठाने के लिए उनके संस्था को आर्थिक सहयोग भी किया जायेगा. दुर्गोत्सव के प्रत्येक दिन रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया जायेगा.
बटन और मोतियों से सजाया जा रहा शिवालय ः शुभदीप गुह ठाकुरता ने बताया कि कमीज के बटन और छोटे-छोटे मोतियों से विशाल शिवालय की सजावट की जा रही है. दर्शनार्थियों को शिवालय के अंदर और बाहर बटन और मोतियों से बने अद्भूत और अलौकिक कलाकतियों से रू-ब-रू होने का मौका मिलेगा. जिसे तैयार करने में नवद्वीप के मशहूर कारीगर बीते दो-अढ़ाई महीने से दिन-रात एक किये हुए है.
चंदननगर की प्रकाश सज्जा : शुभदीप गुह ठाकुरता ने बताया कि बंगाल की मशहूर चंदननगर की प्रकाश सज्जा से उत्तरायण जगमगायेगा. प्रकाश सज्जा का अद्भूत नजारा दर्शनार्थियों को उत्तरायण में देखने को मिलेगा. कई अलौकिक झांकियां दर्शनार्थियों को प्रकाश सज्जा के द्वारा दिखने को मिलेगा. श्री ठाकुरता ने बताया कि दुर्गोत्सव स्थल, मंडप और आस-पास के क्षेत्र को प्रकाश सज्जा के मारफत दुल्हन की तरह सुसज्जित किया जा रहा है.
रावण दहन की भी हो रही तैयारी
शुभदीप गुह ठाकुर ने बताया कि दुर्गोत्सव के अंतिम दिन दशमी को प्रत्येक साल उत्तरायण में ही रावण दहन कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाता है. जिसे देखने और लुत्फ उठाने के लिए भी दूर-दूर से दर्शानार्थी आते हैं. इसबार भी रावण दहन की भव्य तैयारी चल रही है. उन्होंने बताया कि लेकिन इस बार रावण दहन मुस्लिम धर्मावलंबियों का प्रमुख त्योहार मुहर्रम की वजह से दशमी के रोज नहीं किया जायेगा. रावण दहन की तिथि जल्द ही दुर्गोत्सव आयोजक कमेटी मीटिंग करके निर्धारित करेगी.
सर्वश्रेष्ठ स्वच्छ स्टॉलों को किया जायेगा पुरस्कृत : शुभदीप गुह ठाकुरता न बताया कि इस बार दुर्गोत्सव के दौरान पूजा आयोजक कमेटी ने ‘स्वच्छ भारत अभियान’ का पैगाम देने का निर्णय लिया है. इसके तहत उत्तरायण के दुर्गोत्सव के आस-पास लगनेवाले फास्ट फूड के सर्वश्रेष्ठ स्वच्छ स्टॉलों को पुरस्कत करेंगे. साथ ही स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जायेगा.