मालदा. इमरजेंसी विभाग के पास विश्राम कर रहे एक रोगी के रिश्तेदार को जहरीले सांप ने डंस लिया. इससे मालदा मेडिकल कॉलेज में खलबली मच गयी. सोमवार रात करीब ढाई बजे सांप डंसने की वजह से जाकिरा बीबी (60) बेसुध हो गयीं. उन्हें मेडिकल कॉलेज के फीमेल वार्ड में भरती कराया गया है. मेडिकल कॉलेज के उपाधीक्षक डॉ ज्योतिष चंद्र दास ने बताया कि जाकिरा बीबी की स्थिति चिंताजनक है. उन्हें बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जा रहा है. जब तक 12 घंटे नहीं बीत जाते हैं, तब तक रोगी की शारीरिक स्थिति के बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता.
मेडिकल कॉलेज सूत्रों ने बताया कि जाकिरा बीबी का घर कालियाचक थाने की अलीपुर-2 ग्राम पंचायत के महेशपुर गांव में है. उनके पति का बीते छह दिनों से मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है. वह हृदय रोग से पीड़ित होकर अस्पताल पहुंचे थे. अपने पति की तीमारदारी में लगीं जाकिरा बीबी इमरजेंसी विभाग के सामने ही रात काटती थीं. सोमवार रात को भी वह वहीं सोई हुई थीं. आसपास दूसरे मरीजों के रिश्तेदार भी लेटे हुए थे. सोते समय एक सांप ने उनके कपाल पर काट लिया. तभी जाकिरा बीबी चीत्कार कर उठीं. उनकी चीत्कार सुन आसपास सोये लोग जाग गये.
घटना के चश्मदीदों ने बताया कि उस सांप को पकड़ने की कोशिश की गयी, लेकिन रात के अंधेरे में ऐसा करना संभव नहीं हो पाया. सांप मेडिकल कॉलेज परिसर से निकलकर एक गड्ढे में घुस गया. हमारा शोरगुल सुनकर ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी वहां पहुंचे. इसके बाद सर्पदंश की शिकार वृद्धा को इलाज के लिए ले जाया गया. जाकिरा बीबी की एक बेटी जुसमा बीबी ने बताया कि मेरे पिता मेडिकल कॉलेज के पुरुष विभाग में भरती हैं. रात में वहां महिलाएं नहीं रुक सकतीं, इसलिए मां इमरजेंसी विभाग के सामने सोती थी. रात करीब ढाई बजे उन्हें सांप ने काटा.
मालदा मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ प्रतीप कुमार कुंडू ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में सोमवार को सफाई अभियान चलाया गया था. खुद जिला अधिकारी, पुलिस अधीक्षक और प्रशासनिक अधिकारी इस सफाई अभियान में शामिल हुए थे. चारों तरफ ब्लीचिंग पाउडर डाला गया था. पूरे मेडिकल कॉलेज के चारों ओर नये भवन का निर्माण कार्य चल रहा है. इसकी वजह से ईंट, पत्थर, बालू और मलबा जमा है. वहीं से कोई सांप मेडिकल कॉलेज में घुसा होगा. उन्होंने कहा कि एक बार से साफ-सफाई की जायेगी.
