जलपाईगुड़ी: ममता बनर्जी केंद्र की भाजपा सरकार की एजेंट हैं. ममता के फरमान से बंद सफल नहीं होगा, ऐसी कोइ बात नहीं है. चाय बागान श्रमिक संगठन के ज्वाईंट फोरम की ओर से आगामी दो सितंबर का बंद अवश्य सफल होगा. उक्त बातें सीटू के जलपाईगुड़ी जिला सम्मेलन में उपस्थित सीटू नेता श्यामल चक्रवर्ती ने कही. उन्होंने कहा कि हड़ताल श्रमिक और आम जनता का हक है. किसी के कहने पर श्रमिक रूकने वाले नहीं है. केंद्र में भाजपा सरकार की श्रमिक विरोधी कानून के खिलाफ 2 सितंबर को हड़ताल अवश्य होगा.
जलपाईगुड़ी जिला परिषद के सदस्यों का तृणमूल में शामिल होने के प्रसंग में श्यामल चक्रवर्ती ने कहा कि कौन पार्टी छोड़ कर चला गया, इससे पार्टी को कोई मतलब नहीं है. हमारे साथ आम जनता है. एक दो नेताओं के चले जाने से कोइ फर्क नहीं पड़ता है.चुनाव में जिन लोगों ने माकपा को वोट किया था वे आम लोग तृणमूल में शामिल नहीं हुए. श्री चक्रवर्ती ने कहा जो लोग स्वार्थी हैं,जो केंद्र की भाजपा सरकार के ऐजेंट है, वे हड़ताल का विरोध करेंगे ही. राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा कि भय और पैसे का प्रलोभन देकर तृणमूल विरोधी दल के नेताओं को पार्टी में शामिल कर रही है. जनता की राय के खिलाफ तृणमूल ने जलपाईगुड़ी जिला परिषद पर कब्जा किया है. ऐसा करके तृणमूल गणतंत्र की हत्या की कर रही है. तृणमूल की यह जबरदस्ती जनता पर नहीं चलेगी.
इधर, तृणमूल के राज्य महासचिव कल्याण चक्रवर्ती ने कहा कि माकपा कार्यालय में सिर्फ नेता ही रह गये हैं. उन्होंने व्यंग करते हुए कहा कि माकपा में नेता तो रहेंगे, लेकिन आम जनता अब उनके साथ नहीं रहेगी.
