सिलीगुड़ी थाने की खालपाड़ा चौकी की पुलिस ने अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. स्थानीय सूत्रों ने बताया कि विद्यासागर रोड निवासी रवि केसरी की पत्नी रितू बच्ची के जन्म के बाद से काफी निराश थी. उसका मायका बिहार के मुंगेर जिले में है.
रवि और रितू के तीन बच्चे हैं. दो बेटी और एक बेटा. बड़ी बेटी अंग्रेजी माध्यम के एक प्राइवेट स्कूल में ग्यारहवीं की छात्रा है. बेटा भी हिंदी माध्यम के एक निजी विद्यालय में पढ़ता है. इनकी तीसरी बच्ची ने पिछले वर्ष अक्टूबर महीने में जन्म लिया. पति से भी रितू के संबंध अच्छे थे.
सूत्रों का कहना है कि बच्ची के जन्म के बाद से रितू निराश रहने लगी थी. यह निराशा लड़की पैदा होने की वजह से नहीं थी. बल्कि इतने बड़े-बड़े बच्चे होने के बाद इस बच्ची को जन्म देना रितू को खटक रहा था. रितू पहले से ही तीसरा बच्चा नहीं चाहती थी, लेकिन घरेलू दबाव में उसने तीसरे बच्चे को जन्म दिया.
इस बच्ची के जन्म के बाद से रितू और उसकी बड़ी बेटी के बीच बात बिगड़ गयी थी. मां द्वारा एक बच्ची को जन्म देना उसकी बड़ी बेटी को पसंद नहीं आया. बच्ची और रितू के साथ बड़ी बेटी ने निकलना तक छोड़ दिया था. पड़ोसी भी इस बारे में चर्चा करते थे. रितू के करीबियों का कहना है कि बच्ची के जन्म के बाद से रितू अपने आप से भागने लगी थी. और शनिवार की सुबह इतनी दूर चली गयी कि वापस ही नहीं लौटेगी. परिवार के अनुसार, रात में हंसी-खुशी के साथ रितू खाना खाकर सोयी.
सुबह उठकर रोजाना की तरह पूरे परिवार को चाय-नाश्ता कराया. और उसके बाद सुबह के करीब सात बजे व्यायाम के लिए घर में लगे बार के सहारे साड़ी का फंदा गले में डालकर आत्महत्या कर ली. परिवार को पता चलने पर आनन-फानन में अधमरी अवस्था में निकटवर्ती निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां चिकित्सको ने उसे मृत घोषित कर दिया. खालपाड़ा पुलिस चौकी की पुलिस ने इस मामले को अप्राकृतिक मौत के रूप में दर्ज कर छानबीन शुरू की है. शव का पोस्टमार्टम कराये जाने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है.
