सिलीगुड़ी. सिलीगुड़ी तथा इसके आसपास के इलाकों में किन्नरों के बीच बर्चस्व की लड़ाई एक बार फिर से खुलकर सामने आ गई है. इलाके पर कब्जे को लेकर किन्नर आपस में भिड़ने लगे हैं. कुछ इसी तरह के मामले में काजल किन्नर गुट के लोगों ने रहीमा किन्नर गुट पर हमला बोल दिया. इसमें रहीमा किन्नर घायल हो गई है.
उसके सर तथा हाथ में काफी चोटें आयी हैं. रहीमा ने इस मामले को लेकर भक्तिनगर थाना अंतर्गत एनजेपी आउट पोस्ट में शिकायत दर्ज करा दी है. रहीमा ने इसके लिए काजल किन्नर को जिम्मेदार ठहराया है. पुलिस में दर्ज करायी गई अपनी शिकायत में रहीमा ने कहा है कि काजल गुट के लोग असली किन्नर नहीं हैं. वह लोग किन्नर बनकर विभिन्न आपराधिक गतिविधियों में लिप्त हैं. रहीमा ने आरोप लगाते हुए कहा कि काजल किन्नर तथा उसके साथी ट्रेनों में आतंक फैलाकर यात्रियों से अवैध वसूली करते हैं, इसके अलावा वह लोग विभिन्न प्रकार के गैर कानूनी कारोबार में भी लिप्त हैं.
इन नकली किन्नरों की वजह से असली किन्नरों को रोजी-रोटी कमाने में परेशानी हो रही है. नकली किन्नरों के अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग कई बार प्रशासन से की गई, लेकिन इसका कोई लाभ नहीं हुआ. रहीमा ने आगे बताया कि काजल किन्नर उसे अपने गुट में शामिल होने का दबाव दे रही थी. बातचीत के लिए उसने बुलाया था. वह जब काजल के प्रस्ताव पर सहमत नहीं हुई, तो उसके साथ मारपीट शुरू कर दी गई. रहीमा ने पुलिस से इस पूरे मामले की जांच कर नकली किन्नरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. यहां उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी असली किन्नर और नकली किन्नर विवाद को लेकर इन लोगों के बीच मारपीट हो चुकी है.
