भाजपा ने रैली निकाल पंचायत प्रधान को सौंपा ज्ञापन

सिलीगुड़ी. माटिगाड़ा-1 नंबर अंचल भाजपा कमिटी की ओर से ग्राम पंचायत प्रधान को इलाके की विभिन्न समस्याओं से संबंधित 16 सूत्री मांग के साथ ज्ञापन सौंपा गया. गुरुवार की दोपहर माटिगाड़ा ग्राम पंचायत के कावाखाली से एक रैली के माध्यम से भाजपाई पंचायत कार्यालय पहुंचे और ग्राम पंचायत प्रधान हरेन वर्मन को ज्ञापन दिया. ग्राम […]

सिलीगुड़ी. माटिगाड़ा-1 नंबर अंचल भाजपा कमिटी की ओर से ग्राम पंचायत प्रधान को इलाके की विभिन्न समस्याओं से संबंधित 16 सूत्री मांग के साथ ज्ञापन सौंपा गया. गुरुवार की दोपहर माटिगाड़ा ग्राम पंचायत के कावाखाली से एक रैली के माध्यम से भाजपाई पंचायत कार्यालय पहुंचे और ग्राम पंचायत प्रधान हरेन वर्मन को ज्ञापन दिया.

ग्राम पंचायत प्रधान को सौंपे गये मांग पत्र में इलाके की कई समस्याओं का उल्लेख किया गया है. इसके अनुसार बालासन नदी के किनारे बस्ती के निकट कचरा फेंका जा रहा है. बालासन नदी के किनारे घनी आबादी वाली बस्ती बस चुकी है. भाजपा ने कहा कि इस इलाके में डंपिंग ग्राउंड नहीं बनाने दिया जा सकता. इससे आसपास के इलाके मे महामारी फैलने की आशंका बढ़ेगी. आवश्यकता पड़ने पर राज्य के नगर विकास मंत्रालय की सहायता से विकल्प खोजना होगा. भाजपा का कहना है कि कुछ जमीन माफिया रुपये लेकर लोगों को बालासन नदी के किनारे बसा रहे है. नदी किनारे को दखलमुक्त कराने के साथ जमीन माफियाओं के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई करनी होगी. बरसात के मौसम में जलजमाव की समस्या गंभीर होती दिख रही है. इसके लिये ग्रामीण इलाकों में जल निकासी की व्यवस्था सुदृढ़ करनी होगा. साथ ही इलाके में पेयजल की व्यवस्था भी विकसित कर घर-घर पानी पहुंचाना होगा. ग्रामांचल में सैकड़ों ऐसे युवा हैं जो शिक्षित होने के बाद भी बेरोजगार हैं.

इन शिक्षित बेरोजगारों के लिए उपयुक्त प्रशिक्षण की व्यवस्था करनी होगी, ताकि प्रशिक्षण के बाद इन्हें रोजगार मिल सके. इसके साथ सभी को राशन-कार्ड मुहैया कराना होगा. श्रमिकों को एक सौ दिन का काम सुनिश्चित करना होगा. इसके अतिरिक्त मैदान, पार्क आदि का विकास कर इलाके के सौंदर्यीकरण पर भी ध्यान देना होगा. स्वच्छ भारत अभियान और इलाके में शौचालयों के निर्माण पर ग्राम पंचायत को विशेष रूप से ध्यान देना होगा.

भाजपा के जिला सचिव आनंद वर्मन ने कहा कि इन मांगों पर अविलंब ध्यान नहीं दिया गया तो आगामी दिनों में नागरिकों को संगठित कर जनआंदोलन की रूपरेखा तैयार की जायेगी. इस रैली में सिलीगुड़ी जिला भाजपा के महासचिव मनोरंजन मंडल, विश्वजीत घोष, जिला भाजपा युवा मोरचा के अध्यक्ष राज भट्टाचार्य, माटिगाड़ा-1 नंबर अंचल कमिटी के अध्यक्ष मणि कुंडू के अतिरिक्त अन्य कई भाजपा कार्यकर्ता शामिल थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >