सिलीगुड़ी. दिल्ली, मुंबई, पुणे, बेंगलुरू, कोलकाता जैसे मेट्रो सिटी में नशे में टुन्न युवतियों के ‘हाइ वोल्टेज ड्रामा’ की बातें आये दिन मीडिया की सुर्खियां बनती रहती हैं. ऐसी ही नशे में टुन्न एक महिला का ‘हाइ वोल्टेज ड्रामा’ सिलीगुड़ी में देखने को मिला. हार्ट ऑफ सिटी हिलकार्ट रोड के एयरव्यू मोड़ पर दिन के करीब 11.30 बजे नशे में धूत्त महिला ने जमकर हंगामा मचाया.
इस दौरान मौका-ए-वारताद पर भारी भीड़ इकट्ठी हो गयी. एयरव्यू मोड़ पर मुश्तैद ट्रॉफिक पुलिस कर्मियों को उसको पकड़ना भी महंगा साबित हुआ. कई ट्रॉफिक पुलिक कर्मियों पर महिला ने लात-घूंसों की बारिश कर दी. हालांकि इस घटना में कोई पुलिस कर्मी घायल नहीं हुआ. उस महिला को किसी तरह पकड़कर ट्रॉफिक कंट्रोल रूम में ले जाने के दौरान वह पुलिस कर्मियों को भद्दी-भद्दी गालियां भी देती रही.
हाइ वोल्टेज ड्रामा को अपने-अपने कैमरे व मोबाइल में कैद कर रहे रिपोर्टरों और आमलोगों को भी उस महिला ने खूब दौड़ाया. ट्रॉफिक कंट्रोल रूम में जब वह हंगामा कर रही थी तभी कैमरों पर नजर पड़ते ही वह और भड़क उठी और कंट्रोल रूम से बाहर आकर रिपोर्टरों के पीछे पड़ गयी. एक इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के रिपोर्टर को मारने के लिए युवती ने उसे एयरव्यू मोड़ के ट्रॉफिक कंट्रोल रूम के सामने से महानंदा सेतु तक दौड़ाया. महिला के सामने ट्रॉफिक की महिला पुलिस भी पूरी तरह असहाय बनी हुई थी. करीब घंटे भर की कड़ी मशक्कत के बाद पुरूष पुलिस कर्मियों के सहयोग से महिला पुलिस ने बेकाबू महिला को काबू किया और पुलिस वैन में उठाकर पहले सिलीगुड़ी जिला अस्पताल ले गयी. वहां भी उसने खूब बवाल मचाया. यहां महिला पुलिस कर्मियों के साथ भी उसने मारपीट की. किसी तरह मेडिकल जांच कराने के बाद उसे सिलीगुड़ी थाना में ले जाया गया. यहां अपने पति को देख वहऔर भड़क उठी. पति को देखते के साथ ही गाली-गलौज करने लगी और उसे मारने के लिए दौड़ी. खबर लिखे जाने तक अस्वस्थ थी और सिलीगुड़ी थाना में महिला पुलिस कर्मियों के देखरेख में सुरक्षित थी. घर न ले जाने तक पति और ससुर भी थाने में ही मौजूद थे.
पति का दावा नशा करने के बाद ही करती है ड्रामा
सूचना पाकर नशेड़ी महिला के पति अपने पिता के साथ सिलीगुड़ी थाना पहुंचे. उसने अपना नाम न छापने के शर्त पर बताया कि उनका चंपासारी इलाके में घर है और माटीगाड़ा के खपरैल स्थित एक नामी होटल में काम करता है. उसने बताया कि उसकी पत्नी कभी-कभी नशा करती है और नशा करने के बाद हमेशा ही इस तरह का ड्रामा करती है. उसकी पत्नी मानसिक रूप से भी अस्वस्थ है.
रिक्शा में बैठाना महंगा पड़ा चालक को
हाइ वोल्टेज ड्रामा से पहले नशे में धुत्त महिला को अपने रिक्शे में बैठाना चालक कमरूद्दीन जमाल को महंगा साबित हुआ. उसने मीडिया को बताया कि महिला अपने छह-सात वर्ष के एक लड़के के साथ सुबह करीब 10 बजे विधान मार्केट से उसके रिक्शा पर कोर्ट मोड़ के लिए सवार हुई. कोर्ट मोड़ जाने के बाद उसने पानीटंकी मोड़ ले जाने की बात कही. पानीटंकी मोड़ पहुंचाने के बाद वापस वेनस मोड़. वेनस मोड़ पहुंचते ही वह अपने ससुराल चंपासारी ले जाने की जिद्द करने लगी. हिलकार्ट रोड, सेवक मोड़ होते हुए करीब 11.30 बजे जैसे ही एयरव्यू मोड़ के ट्रॉफिक प्वाइंट पर रिक्शा पार हो रहा था तभी उसने पहले रिक्शा चालक को धक्का दिया और अपने लड़के को भी रिक्शा से सड़क पर फेंक दिया. हालांकि इस घटना में महिला का लड़का और रिक्शा चालक बाल-बाल बच गये.
क्या कहना है थाना इंस्पेक्टर का
महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ है और नशे में धूत्त है. फिलहाल वह थाने में महिला पुलिस कर्मियों के संरक्षण में सुरक्षित है. घटना की सूचना देकर पति को थाना में बुला लिया गया है. नशा उतरते ही महिला को उसके पति और परिजनों को सौंप दिया जायेगा.
देवाशीष बोस, इंस्पेक्टर, सिलीगुड़ी थाना
