सिलीगुड़ी. सिलीगुड़ी महकमा परिषद (एसएमपी) की दूसरी बोर्ड बैठक में कई अहम मुद्दों पर सर्वसम्मति से फैसला लिया गया. सिलीगुड़ी नगर निगम के बाद पूरे महकमा क्षेत्र में भी प्रतिबंधित प्लास्टिक कैरी बैग और थर्माकोल के इस्तेमाल पर पूरी तरह रोक लगाने के वाम बोर्ड के प्रस्ताव को मंजूर कर लिया गया. पर्यावरण और जनहित के मद्देनजर लिये गये इस प्रस्ताव पर विरोधी दल के तृणमूल सदस्यों ने भी अपनी सहमति दी.
कई घंटों की मीटिंग के बाद वाम बोर्ड के सभाधिपति तापस सरकार ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि सभी को साथ लेकर 1 जनवरी, 2017 से पूरे महकमा क्षेत्र के गांव-गांव में प्लास्टिक कैरीबैग-थर्माकोल के इस्तेमाल के विरुद्ध मुहिम छेड़ी जायेगी. इस वर्ष के 31 दिसंबर तक ग्रामीणों को जागरूक करने के उद्देश्य से प्रचार-प्रसार किया जायेगा. प्रचार-प्रसार के दौरान छोटे-बड़े सभी व्यापारियों के साथ-साथ हाट-बाजारों की व्यवसायी समितियों का भी सहयोग लिया जायेगा.
एक जनवरी से छेड़ी जानेवाली मुहिम के दौरान प्रतिबंधित प्लास्टिक कैरीबैग-थर्माकोल जब्त किया जायेगा. साथ ही इन्हें बिक्री करनेवाले और इस्तेमाल करनेवाले सभी पर जुर्माना भी लगाया जायेगा. श्री सरकार ने बताया कि मुहिम के दौरान ग्रीन बेंच के दिशा-निर्देशों का अनुपालन किया जायेगा.
नदी किनारों पर अतिक्रमण बरदाश्त नहीं : सभाधिपति तापस सरकार ने बताया कि नदी किनारों पर अतक्रिमण अब और बरदाश्त नहीं किया जायेगा. बोर्ड मीटिंग में नदी किनारों को भी दखल मुक्त करने के प्रस्ताव पर सभी सदस्यों ने एकमत दिया. इसके लिए मुहिम चलायी जायेगी. नदी किनारों को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त करने के साथ-साथ दोबारा लोग न बसें, इसपर विशेष रूप से ध्यान दिया जायेगा. इसके लिए स्पेशल टास्क फोर्स गठित की गयी है जो इस पर मॉनिटरिंग करेगी. श्री सरकार ने बताया कि आज महकमा स्तर पर एक स्पेशल टास्क फोर्स गठित की गयी है. इसमें सभाधिपति और एसएमपी के एइओ के अलावा सहकारी सभाधिपति, विरोधी दल के नेता, एसडीसीआरओ, सिंचाई विभाग से एक प्रतिनिधि, पीएचइ से एक प्रतिनिधि के अलावा दार्जिलिंग जिला पुलिस से एक अधिकारी (डीएसपी), सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस से एक अधिकारी (डीसीपी) व अन्य को रखा गया है. इससे पहले महकमा क्षेत्र के प्रखंड स्तर पर चार अलग-अलग स्पेशल टास्क फोर्स गठित की गयी थीं. माटीगाड़ा प्रखंड स्तर की गठित स्पेशल टास्क फोर्स के नेतत्व में कुछ दिनों पहले ही कावाखाली और शीशाबाड़ी में महानंदा नदी के किनारों पर मुहिम भी चलाया गया था. नदी किनारों से अतक्रिमणकारियों को हटाया गया और पूरी तरह दखल मुक्त किया गया. श्री सरकार ने बताया कि महकमा स्तर पर गठित स्पेशल टास्क फोर्स प्रखंड स्तर की चारों स्पेशल टास्क फोर्स को मॉनिटरिंग करेगी.
विरोधी दल का भी मिला साथ : सिलीगुड़ी महकमा परिषद में विरोधी दल के तृणमूल नेता कृष्णा घोष ने बोर्ड मीटिंग में दिये गये सभी प्रस्तावों को पर्यावरण व जनहित मुद्दा करार दिया. उन्होंने मीडिया से कहा कि जनहित के मुद्दों पर मां-माटी-मानुष की ममता सरकार कभी भी भेदभाव की राजनीति नहीं करती है. प्रतिबंधित प्लास्टिक कैरीबैग-थर्माकोल के इस्तेमाल पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए तृणमूल के सभी सदस्य महकमा परिषद की मुहिम में साथ रहेंगे और हमेशा सहयोग करेंगे. साथ ही उन्होंने नदी किनारों को दखल मुक्त कराने के प्रस्ताव को भी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का महत्त्वाकांक्षी योजना बताया. इसमें हमारा पूर्ण समर्थन है.
