रेगुलेटेड मार्केट में थाना निर्माण स्थल का लिया जायजा
सिलीगुड़ी : सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत प्रधान नगर थाने को दूसरी जगह स्थानांतरित करने की कवायद तेज हो गयी है. राज्य के डीजी (हाउसिंग) शिवाजी घोष शनिवार को सिलीगुड़ी पहुंचे और सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस कमिश्नरेट इलाके में हो रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का जायजा लिया. सर्वप्रथम उन्होंने सिलीगुड़ी थाने के पीछे स्थित आवासीय निर्माण को देखा.
इसके बाद वह सिलीगुड़ी रेगुलेटेड मार्केट पहुंचे. पुलिस विभाग की रेगुलेटेड मार्केट में कुछ जमीन है. इस जमीन पर भवन निर्माण कर प्रधान नगर थाने को स्थानांतरित करने का निर्णय काफी पहले लिया जा चुका है. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मार्केट कमिटी से जुड़ी कुछ समस्याओं के कारण अभी तक निर्माण नहीं शुरू हो पाया है. शनिवार को श्री घोष ने दोबारा जमीन का मुआयना किया. सूत्रों का कहना है कि भवन निर्माण के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं. अब बस काम शुरू होने की देर है.
सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस कमिश्नरेट कार्यालय के आसपास भी कई निर्माण कार्य चल रहे हैं. डीजी ने इन सब का भी मुआयना किया. जल निकासी की व्यवस्था सुदृढ़ करने पर उन्होंने काफी जोर दिया. कमिश्नरेट मैदान सह परेड ग्राउंड को अत्याधुनिक तरीके से सजाने का पूरा प्लान तैयार किया जा चुका है. इसके बाद यह ग्राउंड किसी स्टेडियम की तरह दिखेगा.
कमिश्नरेट में एक सौ महिला पुलिसकर्मियों के लिए बैरक का भी निर्माण कराया जायेगा. इस दौरान सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नर सीएस लेप्चा भी उनके साथ थीं. उन्होंने प्रत्येक आवास में गैरेज एवं कमिश्नरेट में पार्किंग जोन बनाने का प्रस्ताव दिया. मुआयना करने के बाद श्री घोष ने कमिश्नर कार्यालय में काफी देर चर्चा की. लेकिन मीडिया से बात करने से उन्होंने साफ इनकार कर दिया.
