सिलीगुड़ी. सिलीगुड़ी हिंदी गल्र्स हाईस्कूलपर नयी छात्राओं के नामांकन पर सरकार द्वारा निर्धारित नामांकन शुल्क से अधिक शुल्क लेने का आरोप तृणमूल समर्थित छात्र संगठन टीएमसीपी ने लगाया है.
टीएमसीपी ने इसको लेकर आज स्कूल में विरोध प्रदर्शन भी किया. टीएमसीपी नेता मिथलेश कुमार शाह का कहना है कि स्कूल में नामांकन कराने वाली नयी छात्रओं से अधिक शुल्क वसूले जा रहे हैं. नियमानुसार, 500 रुपये से अधिक नामांकन शुल्क लेने का प्रावधान नहीं है. उसके बाद भी 700 रुपये से अधिक की वसूली की जा रही है. इस मुद्दे पर स्कूल प्रबंधन से बातचीत किये जाने के बाद भी कोई समाधान नहीं निकला, तब आज उन्होंने विरोध प्रदर्शन करने का निर्णय लिया.
उन्होंने स्कूल पर पठन-पाठन में भी ढिलाई बरतने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि नियमानुसार, सप्ताह में छह दिन क्लास होने के बजाय तीन दिन ही यहां पढ़ाई करायी जाती है. स्कूल की शिक्षिकाएं भी समय पर स्कूल नहीं आती है. इन तमाम मुद्दों को लेकर टीएमसीपी ने स्कूल की प्रधान शिक्षिका एनके शर्मा को एक ज्ञापन दिया. इस ज्ञापन में नामांकन शुल्क कम लेने के अलावा और भी कई मांगे रखी गयी है.
इनमें स्कूल के नये भवन के निर्माण की मांग भी शामिल है. इस मुद्दे पर स्कूल की प्रधान शिक्षिका एनके शर्मा का कहना है कि स्कूल प्रबंधन द्वारा निर्धारित फीस ही छात्रओं से ली जा रही है. इसमें वह कुछ नहीं कर सकती, फिर भी वह इस पूरे मामले की जानकारी स्कूल प्रबंधन को देगी. नये भवन के निर्माण के संबंध में उन्होंने कहा कि अभी स्कूल के पास धन की कमी है. भवन निर्माण के मद में सरकार द्वारा धन आवंटित किये जाने के बाद निर्माण का काम शुरू हो जायेगा.
