सिलीगुड़ी: उत्तर दिनाजपुर जिले के रायगंज में एम्स स्तर के अस्पताल के निर्माण का मामला एक फिर गरमा गया है. भाजपा ने उत्तर बंगाल में ही किसी स्थान पर इस अस्पताल के निर्माण की मांग की है. भाजपा का कहना है कि यदि रायगंज में इस अस्पताल की स्थाना होती है, तो सबसे अच्छा होगा. लेकिन यदि इस अस्पताल की स्थापना रायगंज में नहीं होती है, तो उत्तर बंगाल में ही किसी स्थान पर अस्पताल का निर्माण करना होगा.
इसको लेकर भाजपा ने आंदोलन की भी घोषणा की है. सिलीगुड़ी जर्नलिस्ट क्लब में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए उत्तर दिनाजपुर जिला भाजपा अध्यक्ष शुभ्र राय चौधरी ने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा अस्पताल स्थापना की मंजूरी मिलने के बाद भी राज्य सरकार भूमि का अधिग्रहण नहीं कर रही है जिसकी वजह से अस्पताल का निर्माण नहीं हो पा रहा है. उन्होंने कहा कि रायगंज अथवा उत्तर बंगाल में ही किसी स्थान पर इस अस्पताल का निर्माण करना होगा. इसके लिए सबसे पहले भूमि अधिग्रहण करना होगा. उन्होंने राज्य सरकार से उत्तर बंगाल में ही किसी स्थान पर एम्स अस्पताल के निर्माण हेतु तत्काल भूमि अधिग्रहण की मांग की. इस मांग के समर्थन में उन्होंने आंदोलन का भी ऐलान किया है.
श्री राय चौधरी इस मांग को लेकर अगले महीने की 7 तारीख से रायगंज में अनशन करेंगे. संवाददाता सम्मेलन में दाजिर्लिंग भाजपा अध्यक्ष रथीन्द्र बोस भी उपस्थित थे.
