भाजपा नेता गुड्डू सिंह की गिरफ्तारी पर रथींद्र बोस ने तृणमूल पर बोला हमला, फिर गरमाया रामघाट विवाद
सिलीगुड़ी: भाजपा नेता गुड्डू सिंह उर्फ धर्मेन्द्र की गिरफ्तारी के बाद एक बार फिर रामघाट विवाद गरमा उठा. गुड्डू की बिना शर्त रिहायी की मांग को लेकर आज भाजपा की सिलीगुड़ी जिला इकाई के बैनर तले दाजिर्लिंग मोड़ संलग्न पुलिस लाइन स्थित सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस मुख्यालय में प्रदर्शन किया गया. साथ ही पुलिस आयुक्त (सीपी) […]
सिलीगुड़ी: भाजपा नेता गुड्डू सिंह उर्फ धर्मेन्द्र की गिरफ्तारी के बाद एक बार फिर रामघाट विवाद गरमा उठा. गुड्डू की बिना शर्त रिहायी की मांग को लेकर आज भाजपा की सिलीगुड़ी जिला इकाई के बैनर तले दाजिर्लिंग मोड़ संलग्न पुलिस लाइन स्थित सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस मुख्यालय में प्रदर्शन किया गया. साथ ही पुलिस आयुक्त (सीपी) मनोज वर्मा को ज्ञापन सौंपा गया. प्रदर्शनकारी सीपी दफ्तर तक न पहुंच सके, इसके लिए कैम्पस में बड़ी संख्या में पुलिस बल मुश्तैद किये गये थे. पुलिस मुख्यालय आज छावनी में तब्दील कर दिया गया.
भाजपा कार्यकर्ता जैसे ही कैम्पस में पहुंचे, पुलिस ने सीपी दफ्तर से करीब डेढ़ सौ मीटर दूर ही लोहे की बैरिकेट लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया. केवल पांच नेताओं को ही सीपी से मुलाकात की इजाजत दी गई. प्रदर्शनकारियों के नेतृत्वकर्ता व जिला अध्यक्ष रथीन्द्रनाथ बोस ने तृणमूल कांग्रेस पर सत्ता का दुरुपयोग एवं पुलिस को इस्तेमाल करने का आरोप लगाया. तृकां के दबाव में पुलिस भाजपा नेता-कार्यकर्ताओं पर झूठे मामले दायर कर गिरफ्तार कर रही है. बेवजह भाजपाइयों को हैरान व परेशान किया जा रहा है. रामघाट विवाद मामले में गुड्डू सिंह को पहले भी पुलिस गिरफ्तार कर चुकी थी. दो दिन पहले 30 मई को पुलिस ने गुड्डू को मारपीट के मामले में गिरफ्तार किया. मारपीट मामले में अदालत ने गुड्डू को बरी कर दिया, लेकिन पुलिस ने साजिश रच कर गुड्डू पर एक बार फिर रामघाट का मामला भी दायर कर दिया.
कोर्ट ने गुड्डू को इस मामले में जमानत नहीं दी. श्री बोस ने पुलिस को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर गुड्डू को बिना शर्त जल्द रिहा नहीं किया गया एवं भाजपाइयों पर ज्यादती बंद नहीं की गई, तो हमें वृहत्तर आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा. आज के प्रदर्शन के दौरान जिला महासचिव नंदन दास, एक नंबर वार्ड की भाजपा पार्षद मालती राय, युवा नेता बापी पाल, अभिजीत राय चौधरी के अलावा गुड्डू सिंह के अधिवक्ता दिवेन्द्र भट्टाचार्य समेत भारी तादाद में नेता-कार्यकर्ता व समर्थक मौजूद थे.
विदित हो कि शनिवार की सुबह गुड्डू सिंह ने पांच नंबर वार्ड के संतोषी नगर स्थित भाजपा पार्टी कार्यालय के सामने लॉटरी की दुकान के आड़ में हो रही अड्डाबाजी व लड़कियों के साथ छेड़खानी व छींटाकशी का विरोध किया था. गुड्डू ने लॉटरी दुकानदार मोहम्मद विट़्टू को दुकान हटाने के लिए भी कहा था. इसका खामियाजा गुड्डू को भुगतना पड़ा. विट्टू के परिवार वालों ने गुड्डू एवं उसके परिवारवालों के साथ मारपीट की. गुड्ड गिरफ्तार हुआ और उसके वयोवृद्ध पिता कृष्णनंदन सिंह बुरी तरह घायल हुए. उन्हें उसी दिन अस्पताल में भरती किया गया. फिलहाल गुड्डू के पिता का इलाज घर में ही चल रहा है. इस घटना के बाद से गुड्डू का परिवार काफी आतंकित है.