सिलीगुड़ी: राज्य के मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी विश्वरूप सतपति ने आज सिलीगुड़ी जिला अस्पताल का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं का जायजा लिया और आम रोगियों के साथ भी बातचीत की.
वह विशेष रूप से सिक न्यू बॉर्न केयर यूनिट गये और वहां स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया. उन्होंने सिलीगुड़ी अस्पताल के वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारियों तथा डॉक्टरों के साथ भी एक बैठक की. बाद में संवाददाताओं से बातचीत करते हुए उन्होंने दावा किया कि राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं में काफी सुधार हुआ है. हरेक अस्पताल को आधुनिक बनाया जा रहा है, ताकि रोगियों को अच्छी से अच्छी चिकित्सा सेवा मिल सके. उन्होंने आगे कहा कि सिलीगुड़ी जिला अस्पताल में भी चिकित्सा सेवा की गुणवत्ता में काफी वृद्धि हुई है.
हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि विभिन्न विभागों में डॉक्टरों की कमी है. सिलीगुड़ी में रेडियोलॉजी, फिजियोथेरेपी तथा एनसेसथिसिया के डॉक्टर की कमी है. उन्होंने भरोसा दिलाते हुए कहा कि इन डॉक्टरों की नियुक्ति शीघ्र कर ली जायेगी. श्री सतपति ने कहा कि पूरे राज्य में विभिन्न सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
