सिलीगुड़ी. वार्ड नंबर 15 से निर्दलीय पार्षद अरविंद घोष उर्फ अमू दा द्वारा समर्थन संबंधी पत्र मिलने के बाद वाम मोरचा ने सिलीगुड़ी नगर निगम में बोर्ड बनाने की तैयारी शुरू कर दी है. 47 सीटों में से कुल 24 पार्षदों के बहुमत के साथ वाम मोरचा द्वारा बोर्ड का गठन किया जायेगा. इसके लिए अभी से ही तैयारी शुरू कर दी गई है. वाम मोरचा ने चुनाव से पहले ही 20 वर्षो तक मंत्री रहे माकपा नेता अशोक भट्टाचार्य को मेयर पद का उम्मीदवार घोषित कर दिया था. अशोक भट्टाचार्य ही मेयर होंगे. इसके अलावा रविवार को वाम मोरचा ने सिलीगुड़ी नगर निगम के चेयरमैन पद के उम्मीदवार की भी घोषणा कर दी है.
वार्ड नंबर 42 के माकपा पार्षद दिलीप सिंह चेयरमैन होंगे. हालांकि तृणमूल कांग्रेस चेयरमैन पद के चुनाव में हिस्सा लेगी या नहीं, यह अभी तय नहीं है. वाम मोरचा के पास बहुमत है और इससे स्पष्ट रूप से जाहिर है कि दिलीप सिंह का सिलीगुड़ी नगर निगम का चेयरमैन बनना तय है. इन दो पदों के बाद विभिन्न विभागों के एमआईसी, डिप्टी मेयर तथा बोरो कमेटी के चेयरमैन पद पर भी वाम मोरचा के पार्षदों की नियुक्ति को लेकर माथापच्ची जारी है. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस मुद्दे को लेकर वाम मोरचा की बैठक शीघ्र होने वाली है. सिलीगुड़ी नगर निगम के बोर्ड गठन हेतु राज्य सरकार की अधिसूचना का इंतजार किया जा रहा है. अधिसूचना जारी होते ही वाम मोरचा की बैठक होगी.
भावी मेयर अशोक भट्टाचार्य ने भी कहा है कि किस पार्षद को एमआईसी बनाना है, यह वाम मोरचा की बैठक में ही तय की जायेगी. इस बीच, डिप्टी मेयर पद को लेकर वाम मोरचा के दो घटक दल आरएसपी तथा फॉरवार्ड ब्लॉक के बीच जोर आजमाइश चल रही है. शुरू से ही वाम मोरचा के बोर्ड में मेयर का पद माकपा के पास तथा डिप्टी मेयर का पद भाकपा के पास होता था. सिलीगुड़ी नगरपालिका के नगर निगम में तब्दील होने के बाद से ही यह परंपरा बनी हुई थी. बाद में हुए चुनाव में भाकपा के मुकाबले वाम मोरचा के एक अन्य घटक दल आरएसपी ने दो सीटें हासिल की थी. इस दम पर आरएसपी के दिलीप राय डिप्टी मेयर बने थे. वर्ष 2009 के नगर निगम चुनाव से पहले आरएसपी के दिलीप राय ही डिप्टी मेयर के पद पर आसीन थे. इस बार हुए चुनाव में भाकपा को एक भी सीट पर जीत हासिल नहीं हुई है, जबकि आरएसपी को एक तथा फॉरवार्ड ब्लॉक को एक सीटें मिली है. इसी दम पर आरएसपी तथा फॉरवार्ड ब्लॉक की ओर से डिप्टी मेयर पद पर दावा ठोका जा रहा है.
वाम मोरचा सूत्रों के अनुसार, आरएसपी के रामभजन महतो का डिप्टी मेयर बनना तय है, क्योंकि फॉरवार्ड ब्लॉक से वार्ड नंबर 5 से चुनाव जीती दुर्गा सिंह के मुकाबले रामभजन महतो काफी अनुभवी हैं. रामभजन महतो इससे पहले भी चुनाव जीत चुके हैं और सिलीगुड़ी नगर निगम में कई विभागों के एमआईसी भी रह चुके हैं. इस बार भी उन्होंने वार्ड नंबर तीन से चुनाव जीतने में सफलता हासिल की है.
दूसरी ओर, फॉरवार्ड ब्लॉक की दुर्गा सिंह पहली बार चुनाव जीतने में सफल हुई हैं. स्वाभाविक तौर पर वाम मोरचा दुर्गा सिंह के मुकाबले रामभजन महतो को तरजीह दे रहा है. इस संबंध में रामभजन महतो से बातचीत करने पर उन्होंने बताया कि उन्हें डिप्टी मेयर पद मिलने अथवा नहीं मिलने की कोई जानकारी नहीं है. यदि उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी जाती है, तो वह पूरी जवाबदेही के साथ काम करेंगे. उन्होंने बताया कि पद को लेकर वाम मोरचा में कोई विवाद नहीं है. वाम मोरचा का जो निर्णय होगा, वही सभी घटक दलों को मानना होगा.
क्या है आंकड़ा
यहां उल्लेखनीय है कि 47 सदस्यों वाली सिलीगुड़ी नगर निगम का चुनाव हाल ही में संपन्न हुआ है. पिछले महीने 28 तारीख को घोषित चुनाव परिणाम के अनुसार, वाम मोरचा ने सबसे अधिक 23 सीटें जीती हैं. दूसरी ओर तृणमूल कांग्रेस को 17 सीटों पर ही जीत हासिल हुई है. कांग्रेस के खाते में 4, भाजपा के खाते में 2 तथा एक सीट निर्दलीय उम्मीदवार के खाते में गई है. बोर्ड गठन के लिए वाम मोरचा को 24 सीटों की आवश्यकता है. 15 नंबर वार्ड से चुनाव जीतने वाले निर्दलीय उम्मीदवार ने वाम मोरचा को लिखित रूप से समर्थन दिया है. इससे वाम मोरचा द्वारा बोर्ड का गठन किया जाना तय है. फिलहाल बोर्ड गठन हेतु राज्य सरकार द्वारा अधिसूचना जारी किये जाने का सभी को इंतजार है. एक-दो दिनों में अधिसूचना जारी होने की उम्मीद है.
