सिलीगुड़ी : सिलीगुड़ी नगर निगम के वार्ड नंबर 20 स्थित ज्योतिनगर के एक घर में आग लगने की घटना घटी है. यह घटना आज सुबह करीब साढ़े सात बजे की है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीमा राय नामक महिला के घर में गैस सिलिंडर से अचानक आग लग गयी.
उस घर में एक चाय की भी दुकान है. माना जाता है कि चाय की दुकान में गैस सिलिंडर जलाने के क्रम में ही आग लगने की यह घटना घटी है. इस घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी फैल गयी. सिलीगुड़ी अग्नि शमन विभाग को सूचना देने के बाद विभागीय कर्मचारी दमकल के साथ मौके पर पहुंचे और आग को काबू में किया. एक बड़ी दुर्घटना टल गयी है.
अगर इस आग ने भयानक रूप धारण कर लिया होता तो एक बड़ी दुर्घटना हो सकती थी. आसपास की आबादी काफी घनी है. जैसे ही इस बात की सूचना उत्तर बंगाल विकास मंत्री गौतम देव को मिली, वह वार्ड नंबर 20 के तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार रंजन सरकार के साथ मौके पर पहुंचे और परिवारवालों से मुलाकात की.
संवाददाताओं से बातचीत करते हुए मंत्री गौतम देव ने कहा कि चुनावी आचार संहिता लागू होने के कारण वह अपने ओर से पीड़ित परिवार को किसी प्रकार की सहायता उपलब्ध कराने की घोषणा नहीं कर सकते. प्रशासनिक स्तर पर जो भी बन सकेगा वह किया जायेगा. अगलगी की इस घटना को सुनकर वाम मोरचा उम्मीदवार माया पासवान भी वहां पहुंची और परिवारवालों से मुलाकात की.
