सिलीगुड़ी: आज रविवार को छुट्टी के दिन सिलीगुड़ी में नगर निगम चुनाव प्रचार ने काफी जोर पकड़ा. करीब-करीब सभी वार्डो में विभिन्न दलों के उम्मीदवार घर-घर जाकर वोट मांगने निकले. आज छुट्टी के दिन तमाम बड़े नेताओं ने भी दिन भर पसीना बहाया. तृणमूल कांग्रेस के जिला अध्यक्ष गौतम देव आज काफी व्यस्त रहे.
उन्होंने वार्ड नंबर 4 से चुनाव प्रचार की शुरूआत की. सुबह वह 4 नंबर वार्ड के कुम्हारटोली इलाके में गये और तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार सोमा दास के समर्थन में रोड शो किया. इस अवसर पर जिले के अन्य तृणमूल कांग्रेस नेता भी उनके साथ थे. इस अवसर पर संवाददाओं से बातचीत करते हुए श्री देव ने कहा कि सिलीगुड़ी नगर निगम चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की भारी जीत होगी. वह जहां भी चुनाव प्रचार के लिए जा रहे हैं, वहां उन्हें मतदाताओं का भारी समर्थन मिल रहा है. उन्होंने दावा करते हुए कहा कि तृणमूल कांग्रेस भारी बहुमत के साथ नगर निगम बोर्ड पर काबिज होगी. यहां से गौतम देव का काफिला अन्य वार्डो की ओर रवाना हो गया. मंत्री गौतम देव यहां से 19 नंबर वार्ड जाने के बाद अपने उम्मीदवार सुस्मिता सेनगुप्ता के लिए चुनाव प्रचार किया. 19 नंबर वार्ड में लोहापुल में उन्होंने पदयात्र कर अपने उम्मीदवार के लिए वोट मांगे.
मंत्री गौतम देव ने 14 नंबर वार्ड के आश्रमपाड़ा इलाके में भी चुनाव प्रचार किया. सेंचुरियन गार्डन से निकाली गई तृणमूल की चुनावी रैली की उन्होंने अगवानी की. इस वार्ड से श्रवणी दत्ता तृणमूल कांग्रेस की उम्मीदवार हैं. मंत्री ेगौतम देव ने वार्ड नंबर 21, 30 तथा 37 में भी चुनाव प्रचार किया. 21 नंबर वार्ड में सोनाली साहा के समर्थन में रविन्द्र नगर से निकाली गई रैली में उन्होंने शिरकत की. उसके बाद गौतम देव ने वार्ड नंबर 30 में अपनी पार्टी के उम्मीदवार स्वपन दास के समर्थन में चुनाव प्रचार किया. गोपाल मोड़ से निकाली गई रैली में वह शरीक हुए और मतदाताओं से अपनी पार्टी के उम्मीदवार को वोट देने की अपील की. 37 नंबर वार्ड में तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार रंजनशील शर्मा के समर्थन में उन्होंने घुघुमाली बाजार के प्रधान मोड़ से रैली निकाली. यही स्थिति माकपा तथा कांग्रेस के बड़े नेताओं की रही. माकपा नेता तथा पूर्व मंत्री अशोक भट्टाचार्य वार्ड नंबर 6 से चुनाव लड़ रहे हैं. उन्होंने वार्ड नंबर 6 में अपने लिए तो चुनाव प्रचार किया ही साथ ही कई अन्य वार्डो में जाकर वाम मोरचा उम्मीदवारों के लिए भी चुनाव प्रचार किया. उनके साथ जीवेश सरकार तथा वाम मोरचा के अन्य नेता भी थे. श्री भट्टाचार्य वार्ड नंबर 9, 19 तथा 24 सहित कई दूसरे वार्डो में भी चुनाव प्रचार के लिए गये. वार्ड नंबर 9 में उन्होंने वाम मोरचा उम्मीदवार राम अवतार अग्रवाल, वार्ड नंबर 19 में मौसमी हाजरा तथा वार्ड नंबर 24 शंकर घोष के लिए चुनाव प्रचार किया. इसके अलावा शनिवार को भी माकपा ने चुनाव प्रचार में अपनी पूरी ताकत झोंक दी थी.
माकपा नेता तथा सांसद मोहम्मद सलीम ने कई वार्डो में चुनाव प्रचार किया था. आज माकपा के अन्य नेताओं ने कमान संभाली. कांग्रेस के भी जिला अध्यक्ष तथा विधायक शंकर मालाकार सहित कई अन्य नेताओं के विभिन्न वार्डो में जाकर रोड शो के माध्यम से चुनाव प्रचार करने की खबर है. इसके साथ ही पूर्व मेयर तथा कांग्रेस नेता गंगोत्री दत्ता ने भी अपने उम्मीदवारों के समर्थन में विभिन्न स्थानों पर चुनाव प्रचार किया. 12 नंबर वार्ड में उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार बासुदेव बोस को साथ लेकर पूरे वार्ड की परिक्रमा की. इसके अलावा भाजपा उम्मीदवार भी मतदाताओं से वोट मांगने में व्यस्त रहे. वार्ड नंबर 8 में आज भाजपा ने एक अनोखी रैली निकाली और रोड शो किया. यहां से भाजपा की टिकट पर खुशबू मित्तल चुनाव लड़ रही हैं. उनके साथ उनके पति सुशील मित्तल भी थे. श्री मित्तल वर्ष 2009 में इस वार्ड से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़े थे. इस बार यह वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित है.
भाजपा ने अबकी बार श्री मित्तल की पत्नी खुशबू मित्तल को टिकट दिया है. उन्होंने आज अपने रोड शो की शुरूआत एमआर रोड, खालपाड़ा स्थित भाजपा कार्यालय से की. ढोल-नगाड़ों के साथ इस रोड शो के दौरान काफी संख्या में भाजपा के नेता और समर्थक उपस्थित थे. खुशबू मित्तल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मुख्य नारा सबका साथ सबका विकास है. इसी नारे के सहारे वह भी आम जनता से मिलकर वोट मांग रही हैं. उन्होंने कहा कि यदि वह यहां से जीतती हैं तो वार्ड के सभी लोगों के हित में काम करेंगी. वार्ड नंबर 8 से तृणमूल कांग्रेस की ओर से राखी नकीपुरिया, कांग्रेस की ओर से जूली प्रसाद तथा माकपा की ओर से शालिनी डालमिया मैदान में हैं. इस वार्ड में चौतरफा मुकाबले की उम्मीद है. पड़ोसी वार्ड 9 में भी आज भाजपा ने रोड शो का आयोजन किया. वार्ड नंबर 9 से सविता अग्रवाल भाजपा की टिकट पर मैदान में हैं. उन्होंने भी आज वार्ड में विभिन्न स्थानों पर रोड शो किया और मतदाताओं को रिझाने की कोशिश की.
