सिलीगुड़ी : सिलीगुड़ी नगर निगम के वार्ड 10 के माकपा उम्मीदवार कमल अग्रवाल के ऊपर कल हुई हमले की घटना के बाद आज इस वार्ड में अधिकांश दुकानें सुबह में बंद रही. सिलीगुड़ी का चर्च रोड सबसे प्रमुख व्यावसायिक केन्द्रों में शुमार है और यहां की भी दुकानें बंद थी.
सुबह सभी व्यवसायी अपनी-अपनी दुकानों पर तो आये, लेकिन कमल अग्रवाल पर हुए हमले की घटना के बाद अपनी-अपनी दुकानें बंद रखी. इस बात की सूचना जैसे ही कमल अग्रवाल को मिली, वह चर्च रोड इलाके में पहुंचे और व्यवसायियों के साथ एक बैठक की. बैठक के बाद उन्होंने सभी व्यवसायियों से दुकानें फिर से खोलने की अपील की. उनकी इस अपील के बाद दिन के करीब 11.30 बजे यहां की सभी दुकानें खुल गई. इस संबंध में श्री अग्रवाल ने बताया कि जो होना था, वह हो गया. ऐसे में दुकानें बंद रख कर कोई लाभ नहीं है.
इलाके में कई व्यवसायी ऐसे भी हैं जिनका छोटा-मोटा काम है. ऐसे में यदि दुकानें बंद होती हैं तो उनका भारी नुकसान होगा. इसी बात को ध्यान में रखते हुए उन्होंने व्यवसायियों से दुकानें खोलने की अपील की. उनकी इस अपील पर दुकानें खोलने के बाद चर्च रोड में पुरानी रौनक फिर से लौट आयी. श्री अग्रवाल ने कहा कि वह विरोधियों को किसी प्रकार की अफवाह फैलाने का मौका नहीं देना चाहते.
दुकानें बंद रहने पर विरोधी दल तरह-तरह की बातें करेंगे. उल्लेखनीय है कि वार्ड नंबर 10 से माकपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे कमल अग्रवाल पर कल एक युवक हमला करने आया था. हालांकि कमल अग्रवाल को नहीं पहचान पाने के कारण वह अपने मकसद में कामयाब नहीं हो सका. फिर भी उसने दो लोगों को तलवार से जख्मी कर दिया. उस समय श्री अग्रवाल अपने चेम्बर में बैठे हुए थे. श्री अग्रवाल पेशे से वकील हैं. वह वार्ड नंबर 10 से निवर्तमान काउंसिलर भी हैं. पुलिस ने हमले के आरोपी युवक अजरुन दास को हालांकि गिरफ्तार कर लिया है.
हमले की इस घटना के बाद पूरे 10 नंबर वार्ड में कल अफरा-तफरी की स्थिति पैदा हो गई थी. आज स्थिति सामान्य है. विभिन्न राजनीतिक दलों के उम्मीदवार चुनाव प्रचार कर रहे हैं. हालांकि कमल अग्रवाल आज चुनाव प्रचार के लिए नहीं निकले हैं.
