कई स्थानों पर विभिन्न राजनीतिक दलों ने बड़े-बड़े हार्डिग भी लगाये हैं. इन होर्डिगों को देखकर साफ है कि भाजपा के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का चेहरा ही सबसे बड़ा चुनावी हथियार है. इस बार के नगर निगम चुनाव में भाजपा के अच्छे प्रदर्शन को लेकर भले ही आम लोगों के मन में कई तरह के प्रश्न उठ रहे हैं, लेकिन होर्डिग तथा पोस्टर की लड़ाई में भाजपा ने अपनी बढ़त बनाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी है.
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का चेहरा सामने रखकर भाजपा इस चुनावी वैतरणी को पार लगाना चाहती है. जितने भी बैनर, पोस्टर तथा होर्डिग लगाये गये हैं, उसमें नरेन्द्र मोदी के चेहरे को प्रमुखता दी गई है. सिलीगुड़ी के उन सभी वार्डो में जहां भाजपा उम्मीदवार मैदान में हैं, वहां उम्मीदवारों ने अपने चेहरे को तो पोस्टरों में प्रमुखता दी ही है, साथ ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के चेहरे को भी सबसे अधिक महत्व दिया गया है.
स्थिति यह है कि भाजपा के अध्यक्ष सतीश साह इक्के-दुक्के पोस्टरों में ही नजर आ रहे हैं. भाजपा के होर्डिग एवं पोस्टरों में नरेन्द्र मोदी तथा चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों की तस्वीर बड़ी-बड़ी लगायी गई है. इसके अलावा दाजिर्लिंग के भाजपा सांसद एसएस अहलुवालिया भी चुनावी पोस्टर में छाये हुए हैं. राज्य अध्यक्ष राहुल सिन्हा को प्रमुखता नहीं दी गई है. राहुल सिन्हा का चेहरा अधिकांश पोस्टरों से गायब है. एक स्थानीय भाजपा नेता ने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को भारत रत्न मिलने के बाद पोस्टरों में श्री वाजपेयी के चेहरे को जगह दी गई, इसी वजह से राहुल सिन्हा पोस्टर में नजर नहीं आ रहे हैं. इस संबंध में भाजपा के महासचिव नंदन दास का कहना है कि नरेन्द्र मोदी भाजपा के सबसे बड़े नेता हैं. उन्होंने अपने नेतृत्व में न केवल लोकसभा चुनाव में भाजपा को भारी जीत दिलायी, बल्कि कई अन्य राज्यों में भी भाजपा की जीत हुई.
उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी के साथ भाजपा के अन्य बड़े नेताओं को भी पोस्टरों एवं होर्डिगों में प्रमुखता दी गई है. दूसरी तरफ तृणमूल कांग्रेस ममता बनर्जी को सामने रखकर चुनाव जीतना चाहती है. तृणमूल कांग्रेस के बैनर, पोस्टर एवं होर्डिगों में ममता बनर्जी ही प्रमुख चेहरा हैं. ऐसे कई स्थानों पर उत्तर बंगाल विकास मंत्री गौतम देव का चेहरा भी नजर आ जाता है. तृणमूल उम्मीदवारों ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के साथ अपने आप को प्रमुखता दी है. तृणमूल कांग्रेस के जिला महासचिव मदन भट्टाचार्य का इस संबंध में कहना है कि सिलीगुड़ी का चुनाव ममता बनर्जी के नाम पर पार्टी लड़ रही है. मुख्यमंत्री ने सत्ता में आने के बाद से जिस तरह से विकास के काम किये हैं उस विकास के काम को देखकर ही सिलीगुड़ी के लोग तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवारों को जीत दिलायेंगे. श्री भट्टाचार्य ने आगे कहा कि इस बार सिलीगुड़ी नगर निगम चुनाव में तृणमूल की भारी जीत होगी. विभिन्न वार्डो में चुनाव प्रचार का काम जोर-शोर से जारी है.
इस बार के चुनाव में सबसे अधिक आश्चर्य कांग्रेस के पोस्टरों एवं होर्डिगों को देखकर हो रही है. कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी तथा राहुल गांधी पोस्टरों से नदारद हैं. हालांकि कई स्थानों पर लगाये गये पोस्टरों में यह दोनों नेता दिख रहे हैं, लेकिन तस्वीर की आकार काफी छोटी है. चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों ने अपने आप को सब पर भारी कर दिया है. उम्मीदवारों के बड़े-बड़े फोटो हैं, जबकि सोनिया गांधी तथा राहुल गांधी की तस्वीर काफी छोटी-छोटी लगायी गई है. कुछ पोस्टरों में कांग्रेस के जिला अध्यक्ष तथा विधायक शंकर मालाकार भी दिख रहे हैं. सबसे बदतर स्थिति माकपा तथा वाम मोरचा के उम्मीदवारों की है. वाम मोरचा के उम्मीदवारों ने काफी कम पोस्टर और होर्डिग लगाये हैं. जो होर्डिग लगे भी हैं, उसमें किसी भी नेता की तस्वीर नहीं है. सिलीगुड़ी में माकपा के सबसे बड़े नेता समङो जाने वाले अशोक भट्टाचार्य की तस्वीर भी पोस्टरों में बैनरों से गायब है.
