आज दाजिर्लिंग प्रेस गिल्ड में पत्रकारों को संबोधित करते हुए डीवाईएफआई जिला अध्यक्ष रमेश कडेरिया ने कहा कि विजनबाड़ी ग्रामीण अस्पताल की खाली जमीन पर कब्जा करके घर एवं बिल्डिंग बनाया गया है जिसे मुक्त करने के लिए उन्होंने पिछले 26 मार्च को बीएलआरओ, बीडीओ, जिला शासक और राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से पत्रचार किया था. उन्होंने 7 दिनों के अंदर अवैध निर्माण किये जा रहे घर और बिल्डिंग के कार्य को रोकने की मांग की है.
अगर ऐसा नहीं किया गया तो अनशन करने की धमकी दी है. श्री कडेरिया ने आगे कहा कि कल बुधवार को बीएलआरओ ने अवैध निर्माण कार्य को रोक दिया है और इसकी छानबीन की जा रही है. इस संबंध में आज फिर उन्होंने बीएलआरओ सहित अन्य संबंधित विभागीय अधिकारियों को चिट्ठी लिखी है.श्री कडेयिा ने कहा कि विजनबाड़ी ग्रामीण अस्पताल की जमीन पर जिसने भी कब्जा किया है, उसे जमीन खाली करनी होगी. ऐसा नहीं होने की स्थिति में उन्होंने बीडीओ कार्यालय के सामने अनशन पर बैठने की चेतावनी दी है. इधर, बीएलआरओ रूदेन भुटिया से संपर्क करने पर उन्होंने कहा कि जिन लोगों पर आरोप लगाया गया है, इसकी जांच की जा रही है. इस संदर्भ में मदन कुमार प्रधान से संपर्क करने पर उन्होंने कहा कि मैं अपना घर बना रहा था, लेकिन बीएलआरओ द्वारा निर्माण कार्य बंद करने के आदेश मिलने के बाद घर बनाने का काम रोक दिया गया है. दूसरी ओर आगामी 7 अप्रैल को बीएलआरओ ने आरोपी सभी लोगों को जमीन के कागजात के साथ कार्यालय में बुलाया है.
