कल शाम को जब अचानक आंधी-तूफान सितम ढा रही थी उसी समय कावाखाली के एक घर में अंजना मंडल खाना बना रही थी. उसी दौरान आंधी-तूफान ने उसके टीन का घर उजाड़ दिया और जलते गैस चूल्हा के कारण घर में आग लग गई. वह संभल पाती, इससे पहले ही सेलेण्डर ब्लास्ट कर गया और अंजना अपने पांच वर्षीय बच्च सुभोजीत के साथ झुलस गई. सूचना पाते ही सिलीगुड़ी अग्निशमन केन्द्र के दो दमकलें मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से आग को नियंत्रित किया गया और मां-बेटे को गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया.
वहीं अगलगी की दूसरी घटना सिलीगुड़ी के महावीर स्थान रेल गेट के पास हॉकर्स कॉर्नर में घटित हुई, जहां एक रेडीमेड कपड़े की दुकान में आग लगी. सूचना पाते ही सिलीगुड़ी अग्निशमन केन्द्र से दो इंजनों के साथ दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे. सिलीगुड़ी थाना की पुलिस एवं स्थानीय दुकानदारों के सहयोग से आग को नियंत्रित किया जा सका. स्थानीय लोगों के अनुसार शाम को आंधी-तूफान के कारण हाइटेंशन तार अचानक टूट कर कपड़े की दुकान पर गिर गई औरआग लग गई. अगर समय रहते आग पर काबू नहीं किया जा सकता तो एक बड़ी दुर्घटना घटित हो सकती थी. हॉकर्स कॉर्नर में छोटी-बड़ी कपड़ों व कॉस्मेटिक के हजारों दुकानें हैं.
