एनबीएसटीसी के पूर्व कर्मियों को पेंशन नहीं, करेंगे संयुक्त आंदोलन

संगठनों की बैठक जल्द एमडी को दिया ज्ञापन कूचबिहार : विभिन्न मांगों के समर्थन में नॉर्थ बंगाल ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (एनबीएसटीसी) के अवकाश प्राप्त कर्मचारियों ने संयुक्त आंदोलन का एलान किया है. सीटू व इंटक सहित सभी श्रमिक संगठन एक साथ आकर अपनी मांगों के समर्थन में आंदोलन करेंगे. एनबीएसटीसी के अवकाश प्राप्त कर्मचारियों के संगठन […]

संगठनों की बैठक जल्द
एमडी को दिया ज्ञापन
कूचबिहार : विभिन्न मांगों के समर्थन में नॉर्थ बंगाल ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (एनबीएसटीसी) के अवकाश प्राप्त कर्मचारियों ने संयुक्त आंदोलन का एलान किया है. सीटू व इंटक सहित सभी श्रमिक संगठन एक साथ आकर अपनी मांगों के समर्थन में आंदोलन करेंगे.
एनबीएसटीसी के अवकाश प्राप्त कर्मचारियों के संगठन के महासचिव सुगेंद्र चंद्र मित्र ने बताया है कि अवकाश प्राप्त कर्मचारियों को पिछले दो महीने से पेंशन नहीं मिल रहे हैं, जिसकी वजह से उन्हें व उनके परिजनों को आजीविका चलाने में काफी परेशानी हो रही है. इससे पहले, भी चार महीने का पेंशन नहीं दिया गया था. काफी आंदोलन के बाद पेंशन देने की प्रक्रिया शुरू हुई और पिछले दो महीने से पेंशन बंद है.
श्री मित्र ने बताया कि समय पर पेंशन देने की मांग सहित विभिन्न मांगों के समर्थन में सभी कर्मचारी संगठन एक होकर आंदोलन करेंगे. इसके लिए विभिन्न श्रमिक संगठनों के नेताओं से बातचीत की हुई है. शीघ्र ही सभी नेताओं को लेकर बैठक की जायेगी. उन्होंने बताया कि अवकाश प्राप्त कर्मचारियों को लिव सैलरी व ग्रैच्युटी आदि के बकाये भी नहीं दिये जा रहे हैं. एनबीएसटीसी के वरिष्ठ अधिकारियों से इस मुद्दे को लेकर कई बार बातचीत की गयी, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ.
उन्होंने शीघ्र पेंशन देने की मांग को लेकर एनबीएसटीसी के प्रबंध निदेशक सुबल चन्द्र राय को भी एक ज्ञापन दिया है.
चिकित्सा के अभाव में दो मरे
श्री मित्र ने आरोप लगाया कि पेंशन नहीं मिलने की वजह से एनबीएसटीसी के दो अवकाश प्राप्त कर्मचारी अपनी चिकित्सा नहीं करा पाये और उनकी मौत हो गयी. उन्होंने बताया कि ये दोनों कर्मचारी बीमार रहते थे और इनकी चिकित्सा चल रही थी. पिछले कुछ महीने से पेंशन नहीं मिलने के कारण इनके पास चिकित्सा कराने के लिए पैसे नहीं बचे थे. आखिरकार बगैर इलाज के कूचबिहार के कालिका दास रोड इलाके के रहनेवाले बिमल देव तथा अनूप अधिकारी की मौत हो गयी. यह दोनों ही एनबीएसटीसी के अवकाश प्राप्त कर्मचारी थे. उन्होंने कहा कि कई दूसरे कर्मचारी भी बीमार हैं. अगर पेंशन के पैसे नहीं दिये गये, तो और भी कई कर्मचारियों की मौत हो सकती है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >