दो लाश मिलने से रवींद्र नगर में सनसनी
सिलीगुड़ी : सिलीगुड़ी थाना अंतर्गत रविंद्र नगर इलाके में एक घर से रविवार को दो लाश मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी. प्राप्त जानकारी के अनुसार, रवींद्र नगर निवासी प्राणोश सरकार का कमरा सुबह 8 बजे तक नहीं, तो घर वालों ने उसे जगाने की कोशिश की.
काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बाद भी घर के अंदर से कोई आवाज नहीं आने के कारण घर वाले परेशान हो गये. तब तक काफी संख्या में आसपास के लोग भी इकट्ठे हो चुके थे. घर का दरवाजा तोड़ा गया, तो अंदर का माहौल देखकर लोग सन्न हो गये. प्राणोश सरकार (26) का शव पंखे में लटकते पाया और बिस्तर पर उसकी पत्नी सुष्मिता सरकार (23) भी मरी पड़ी थी. पत्नी का गला कटा हुआ था. प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों पति-पत्नी के बीच हर हमेशा ही झगड़ा होता था.
रात में भी दोनों के बीच जमकर तकरार हुई थी. परिवार वालों तथा पुलिस का मानना है कि झगड़े के बाद प्राणोश सरकार ने पहले अपनी पत्नी की गला काट कर हत्या कर दी और उसके बाद उसने स्वयं भी पंखे से लटक कर फांसी लगा ली. दोनों का विवाह तीन साल हुआ था. प्राणोश सरकार मूल रूप से कूचबिहार जिले के बानेश्वर का रहने वाला था और वह कुछ वर्षो से सिलीगुड़ी में रह रहा था. विधान मार्केट में उसकी एक स्टेशनरी की दुकान भी है.
आसपास के लोगों का कहना है कि शादी के कुछ दिन बाद ही पति-पत्नी के रिश्ते खराब हो गये थे और अक्सर ही दोनों के बीच कहा-सुनी और मारपीट होती थी. दोनों की एक दो साल की बच्ची भी है. बच्ची का नाम पूर्वी सरकार है. मां तथा पिता का साया एक साथ उठ जाने से पूर्वी सरकार का भविष्य भी अंधकारमय हो गया है. छोटी सी बच्ची को कुछ भी समझ में नहीं आ रहा है. सुष्मिता सरकार के भाई का कहना है कि शादी के बाद से ही उसकी बहन पर ससुराल वाले अत्याचार करते थे. अक्सर ही उसके साथ मारपीट की जाती थी.
मृतका सुष्मिता के पिता सुभाष दत्ता ने प्राणोश सरकार के बड़े भाई तथा उसकी पत्नी पर भी अत्याचार के आरोप लगाये. उसने कहा कि पति के साथ ही जेठ-जेठानी भी नियमित रूप से उसकी बेटी को सताते थे. उसने इस संबंध में कई बार उन्हें बताया भी था.
उसने आगे कहा कि प्राणोश सरकार का अपनी भाभी के साथ अवैध संबंध था.
इसी वजह से दोनों पति-पत्नी के बीच अक्सर कहा-सुनी होती थी. उन्होंने प्राणोश सरकार के भाई तथा भाभी के विरूद्ध भी कड़ी कार्रवाई की मांग की. दूसरी तरफ प्राणोश सरकार के भाई कानू सरकार ने अपनी पत्नी के साथ भाई के अवैध संबंधों के आरोपों से इनकार किया है. उन्होंने उल्टे सुष्मिता सरकार पर पहले से ही किसी लड़के के साथ अवैध संबंध रखने का आरोप लगाया है. कानू सरकार ने बताया है कि शादी के बाद भी सुष्मिता के किसी दूसरे लड़के साथ अवैध संबंध थे और प्राणोश सरकार इसका विरोध करता था.
इसी वजह से दोनों के बीच लड़ाई भी होती थी. इधर, इस घटना की सूचना मिलते ही एसीपी पिनाकी मजूमदार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों शवों को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. उन्होंने कहा है कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.पूछताछ के लिए पुलिस ने कानू सरकार को हिरासत में लिया है.
