माकपा ने फिर भरी हुंकार: सिलीगुड़ी में जनसमावेश का आयोजन तृणमूल सरकार पर हमला

सिलीगुड़ी: माकपा ने एक बार फिर तृणमूल कांग्रेस पर जमकर हमला बोला है. माकपा के विभिन्न नेताओं ने तृणमूल कांग्रेस की सरकार तथा मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की कड़ी आलोचना करते हुए कहा है कि राज्य में सत्ता में आने के बाद से तृणमूल के नेता और मंत्री सारधा सहित अन्य घोटालों में लगे हुए है. […]

सिलीगुड़ी: माकपा ने एक बार फिर तृणमूल कांग्रेस पर जमकर हमला बोला है. माकपा के विभिन्न नेताओं ने तृणमूल कांग्रेस की सरकार तथा मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की कड़ी आलोचना करते हुए कहा है कि राज्य में सत्ता में आने के बाद से तृणमूल के नेता और मंत्री सारधा सहित अन्य घोटालों में लगे हुए है. राज्य का विकास रुक गया है. ये सभी माकपा नेता टिकियापाड़ा मैदान में एक जनसमावेश को संबोधित कर रहे थे.
इस समावेश का आयोजन सिलीगुड़ी माकपा की जोनल कमेटी ने किया था. समावेश को संबोधित करते हुए वरिष्ठ माकपा नेता तथा रायगंज के सांसद मोहम्मद सलीम ने सारधा घोटाला मामले में तृणमूल कांग्रेस को आड़े हाथो लिया. उन्होंने कहा कि एक के बाद एक तृणमूल कांग्रेस के नेता और मंत्री इस घोटाले में शामिल होते जा रहे हैं. कई तो जेल में बद हैं. सीबीआइ जांच से परत दर परत खुलेंगे और तृणमूल कांग्रेस के और भी कई नेता और मंत्री जेल में होंगे. उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की आलोचना करते हुए कहा कि राज्य में विरोधी दलों के आवाज दबायी जा रही है. महिला पर अत्याचार बढ़ने के साथ-साथ कानून व्यवस्था भी काफी बिगड़ गयी है.
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के खिलाफ आंदोलन करने पर पुलिस विरोधियों को कुचल रही है. ऐसा तृणमूल के नेताओं के इशारे पर हो रहा है. हर दिन ही कहीं न कहीं माकपा तथा अन्य विरोधी दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं पर हमले हो रहे है. उन्होंने लोगों से चुनावों में तृणमूल कांग्रेस को राज्य से उखाड़ फेंकने का आह्वान किया. श्री सलीम ने कहा कि राज्य में वाम मोरचा ही एकमात्र विकल्प है. वाम मोरचा के 34 साल के शासनकाल के बाद परिवर्तन के नाम पर तृणमूल कांग्रेस सत्ता में आयी और उसके बाद से ही राज्य की स्थिति लगातार बिगड़ रही है. परिवर्तन के नाम पर राज्य के लोगों ने तृणमूल कांग्रेस को वोट दिया था और ममता बनर्जी राज्य की मुख्यमंत्री बनी थी, लेकिन वह राज्यवासियों की अपेक्षा पर खड़ी नहीं उतर पायी. उन्होंने भाजपा की भी आलोचना की. उन्होंने कहा कि वाम मोरचा के अलावा राज्य में और कोई पार्टी विकल्प नहीं बन सकती. उन्होंने कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा की करारी हार ने यह साबित कर दिया है कि देश के लोगों का भाजपा से भी मोहभंग हो गया है. नरेंद्र मोदी ने भी अच्छे दिन आने के नाम पर आम लोगों से कई वायदे किये थे, लेकिन कुछ नहीं हुआ.
जिससे स्वाभाविक तौर पर भाजपा से भी लोगों का मोह भंग हुआ है. जनसभा को पूर्व मंत्री मानव मुखर्जी तथा वाममोरचा के जिला संयोजक अशोक भट्टाचार्य ने भी संबोधित किया. इस अवसर पर काफी संख्या में लोगों की भीड़ थी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >