सिलीगुड़ी. विश्व हिंदू परिषद (विहिप) अपने स्थापना के 50वर्ष पूरे करने के उपलक्ष में वर्ष 2014-15 को स्वर्ण जयंती वर्ष के रुप में मना रहा है. पूरे देश-दुनिया में वर्ष भर कई कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं. इसी के तहत कल यानी रविवार को सिलीगुड़ी के एसएफ रोड स्थित हिंदी हाइस्कूल फॉर बॉयज के मैदान में विहिप की सिलीगुड़ी जिला इकाई का विराट हिंदू सम्मेलन होने जा रहा है.
यह जानकारी आज सिलीगड़ी में एक प्रेस-वार्ता के दौरान विहिप के अखिल भारतीय उपाध्यक्ष जगन्नाथ साही (बोकारो) ने मीडिया को दी. उन्होंने बताया कि सम्मेलन के दौरान भारतवर्ष को एक बार फिर विश्व गुरु बनाने का लिया जायेगा संकल्प.
साथ ही विहिप के अब-तक कार्यो पर विचार मंथन किया जायेगा एवं भावी रणनीति का खाका तैयार किया जायेगा. देश के 900 जिलों में यह सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है. विहिप के उत्तर बंगाल इकाई के सांगठनिक सचिव गौतम सरकार ने मीडिया को बताया कि उत्तर बंगाल के छह जिलों में सम्मेलन आयोजित हो चुका है. सिलीगुड़ी जिला में यह सातवां सम्मेलन है. सम्मेलन में सिलीगुड़ी से 5000 से भी अधिक लोग शिरकत करेंगे.
