सड़क हादसे में हुगली निवासी मां-बेटी की मौत
जलपाईगुड़ी : दार्जिलिंग और कालिम्पोंग भ्रमण के लिये आयीं मां-बेटी की कार सोमवार को गाजोलडोबा के पास तीस्ता कैनाल में गिर गयी. गंभीर रूप से घायल होने के बाद दोनों को उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां मंगलवार को उनकी मौत हो गयी. मृतकों की पहचान जयश्री चटर्जी (70) और […]
जलपाईगुड़ी : दार्जिलिंग और कालिम्पोंग भ्रमण के लिये आयीं मां-बेटी की कार सोमवार को गाजोलडोबा के पास तीस्ता कैनाल में गिर गयी. गंभीर रूप से घायल होने के बाद दोनों को उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां मंगलवार को उनकी मौत हो गयी. मृतकों की पहचान जयश्री चटर्जी (70) और श्रीपर्णा मुखर्जी (48) के रूप में हुई है.
वहीं इस हादसे में घायल प्रसन्ना मुखर्जी और ढाई साल के हियन का इलाज चल रहा है. गौरतलब है कि 17 अक्तूबर को हुगली जिले के चूंचड़ा फार्म साइड रोड निवासी चटर्जी परिवार के चार सदस्य पहाड़ भ्रमण के लिये आये थे. सोमवार को चारों सदस्य कार से आमबाड़ी की ओर लौट रहे थे. इसी दौरान गाजोलडोबा के समीप विपरीत दिशा से आ रही एक बाइक से टकराने के बाद कार तीस्ता कैनाल में गिर गयी थी.
तत्काल मिलनपल्ली फाड़ी पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकाल पहले आमबाड़ी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया. बाद में सभी को उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में रेफर किया गया था.
उधर, चुंचुड़ा के विधायक असीत मजूमदार मृतकों के परिजनों से मिलने उनके घर पहुंचे और राज्य सरकार की ओर से हर संभव मदद का आश्वासन दिया. इसके अलावा, राज्य सरकार की ओर से दार्जिलिंग में मृतकों के अंतिम संस्कार की व्यवस्था करवा दी गयी है.