महिला रोगी की मौत के बाद अस्पताल में जोरदार हंगामा

मालदा : चिकित्सा में लापरवाही के चलते एक महिला रोगी की मौत की घटना के आरोप में मालदा मेडिकल कॉलेज में जोरदार हंगामा खड़ा हो गया. मृतका के परिवार ने मेडिकल कॉलेज के मातृमा विभाग के सामने जमकर विरोध प्रदर्शन किया. इस दौरान सुरक्षाकर्मियों के साथ भी उनका विवाद हुआ. परिजनों का आरोप है कि […]

मालदा : चिकित्सा में लापरवाही के चलते एक महिला रोगी की मौत की घटना के आरोप में मालदा मेडिकल कॉलेज में जोरदार हंगामा खड़ा हो गया. मृतका के परिवार ने मेडिकल कॉलेज के मातृमा विभाग के सामने जमकर विरोध प्रदर्शन किया.

इस दौरान सुरक्षाकर्मियों के साथ भी उनका विवाद हुआ. परिजनों का आरोप है कि ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर और नर्सों की लापरवाही से उनके मरीज की मौत हुई. खबर पाकर इंगलिश बाजार थाना पुलिस पहुंची और हालात को संभाला. परिवार ने मेडिकल कॉलेज प्रशासन के पास चिकित्सा में लापरवाही की शिकायत दर्ज करायी है.
मेडिकल कॉलेज सूत्रों ने बताया कि मृत महिला रोगी का नाम सरस्वती सरकार (59) है. उसका घर हबीबपुर थाने के श्रीरामपुर ग्राम पंचायत के कलाईबाड़ी गांव में है. पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि बीते गुरुवार को पेट में दर्द की शिकायत के बाद मालदा मेडिकल कॉलेज के मातृमा विभाग में भर्ती किया गया था. जांच के बाद चिकित्सकों ने बताया कि रोगी के पेट में ट्यूमर है. लेकिन कोई इलाज शुरू नहीं किया गया.
ड्यूटी पर मौजूद नर्स से इस बारे में बार-बार कहने पर उसने दुर्व्यवहार किया. रविवार की सुबह परिवार के लोगों ने मरीज की हालत खराब होने की बात कहते हुए फिर से इलाज के लिए दबाव बनाया. इस पर वहां मौजूद डॉक्टर ने रोगी महिला को एक इंजेक्शन लगाया. आरोप है कि इंजेक्शन देने के कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गयी.
मृतका के एक बेटे तपन सरकार ने बताया कि इलाज के अभाव में उनकी मां की मौत हुई है. इस लापरवाही के लिए डॉक्टर और नर्सों को कठोर सजा होनी चाहिये. उन्होंने मेडिकल प्रशासन और इंगलिश बाजार थाने में लिखित शिकायत दर्ज करायी है. इस संबंध में मेडिकल कॉलेज के उपाधीक्षक तापस कुमार दे ने बताया कि पूरे मामले की छानबीन के लिए एक तीन सदस्यीय मेडिकल टीम गठित की जा रही है. उसकी जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर कदम उठाये जायेंगे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >