सिलीगुड़ी : भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ तृणमूल कांग्रेस ने अपना मोर्चा खोल दिया है. इन दिनों पूरे राज्य में तृणमूल कांग्रेस भाजपा के खिलाफ धिक्कार व प्रतिवाद रैली का आयोजन कर रही है. शनिवार को सिलीगुड़ी के इंडोर स्टेडियम के सामने से तृणमूल की ओर से एक रैली का आयोजन किया गया.
रैली शहर के विभिन्न रास्तों का परिक्रमा करते हुए जलपाईमोड़ पर जाकर समाप्त हुई. जहां मंत्री गौतम देव खुद हाथों में पार्टी का झंडा लेकर रैली की का नेतृत्व करते नजर आये. इस दौरान भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की गई. गौतम देव ने बताया कि भाजपा के राज में पेट्रोल डीजल समेत अन्य बुनियादी सामानों के दामों में बेतहाशा वृद्धि हुई है. मंत्री ने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा संसद में नये-नये बिल लाकर आम लोगों के साथ खिलवाड़ कर रही है.
उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं के पास करोड़ों रुपये का काला धन है. इसके अलावे भाजपा के अधीन केन्द्र की सभी एजेंसियां है. लेकिन आज तक किसी भी मामले में चार्जशीट फाइल नहीं हो पाया है. इन सबके खिलाफ मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के निर्देश पर पूरे बंगाल में धिक्कार रैलियों का आयोजन किया जा रहा है. ज्ञात हो कि 21 जुलाई को आयोजित शहीद दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भाजपा पर काला धन देश में वापस लाने में विफलता का आरोप लगाया था. इसको लेकर 26 व 27 जुलाई को तृणमूल कांग्रेस द्वारा पूरे राज्य में धिक्कार रैली निकालने की घोषणा की गई थी.
