350 किलो वजन पर बनी बेंच पर एक साथ बैठ सकेंगे चार यात्री
जलपाईगुड़ी : सिलीगुड़ी-जलपाईगुड़ी विकास प्राधिकरण (एसजेडीए) की तरफ से शहर के प्रमुख इलाकों में ड्रेनों पर कल्वर्ट बनाकर उन पर कांक्रीट के बेंच बनवाये जा रहे हैं. 350 किलो वजन के इन बेंचों पर एक साथ चार लोग बैठ सकेंगे. फिलहाल कोतवाली थाना मोड़ में इस तरह के चार बेंच बनाये गये हैं. कई और बेंच बनाये जा रहे हैं.
उल्लेखनीय है कि शहर के थाना मोड़ और कदमतला मोड़ में नगरपालिका के ड्रेन के उपर पक्का कल्वर्ट का काम पहले ही समाप्त हो गया है. इन्हीं कल्वर्टों पर ये पक्के व स्थायी बेंच बनाये जा रहे हैं. विभागीय सूत्र के अनुसार थाना मोड़ के ऋ षि अरविंद पार्क के अंदर दो, थाना मोड़ में एक दवाखाना के सामने दो, सदर ट्रैफिक ऑफिस के निकट एक बेंच बैठाये गये हैं.
एसजेडीए चेयरमैन विजय चंद्र बर्मन ने शनिवार को बताया कि जलपाईगुड़ी शहर के जनबहुल इलाकों में हाईड्रेन पर पक्का कल्वर्ट बनाये जाने से पैदल यात्रियों के लिये काफी सुविधा हो गयी है. उल्लेखनीय है कि कई जगह कल्वर्ट पर हॉकर बैठने लगे हैं. उन्होंने ट्रैफिक ओसी को इसकी जानकारी दी है. शहर के कई अन्य बिंदुओं की पहचान की गयी है जहां इस तरह के बेंच बैठाये जायेंगे.
उधर, शहर के वरिष्ठ नागरिक दीपकनाहा और शुभंकर विश्वास ने बताया कि बैठने की जगह बनाकर एसजेडीए ने सराहनीय काम किया है. लेकिन इसी तरह के बेंच विश्व बांग्ला क्रीड़ांगन के सामने बैठाये गये हैं जिन पर कम उम्र के लड़के लड़कियों ने कब्जा करना शुरु किया है. इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति अन्य बेंचों के मामले में नहीं होनी चाहिये. इस पर एसजेडीए को नजर रखनी होगी.
